ब्रेकिंग न्यूज़ | दिल्ली के सदर बाजार में भीषण आग, दो लोगों की दर्दनाक मौत

SHARE:

सदर बाजार में होली के दिन बड़ा हादसा हो गया। बारा टूटी चौक के पास स्थित एक चार मंजिला इमारत में देर रात अचानक भीषण आग लग गई। शुरुआती जानकारी के मुताबिक आग शॉर्ट सर्किट की वजह से लगी, जो इमारत में रखे प्लास्टिक के खिलौनों के कारण तेजी से फैल गई।

देखते ही देखते आग की ऊंची-ऊंची लपटें उठने लगीं और पूरे इलाके में काला धुआं फैल गया। धुएं की वजह से आसपास के लोगों को सांस लेने में भी काफी परेशानी हुई। इस दर्दनाक हादसे में दो लोगों की जलकर मौत हो गई है।

दमकल विभाग के अनुसार आग बुझाने के लिए 20 दमकल गाड़ियां मौके पर भेजी गईं। राहत और बचाव कार्य कई घंटों तक जारी रहा। करीब 13 घंटे बाद भी आग को पूरी तरह बुझाने की कोशिश जारी रही। अब तक इमारत से दो जले हुए शव बरामद किए गए हैं, जबकि आशंका है कि अंदर और लोग भी फंसे हो सकते हैं।

घटना के बाद मौके पर बड़ी संख्या में लोग इकट्ठा हो गए। इस दौरान भीड़ उग्र हो गई और दमकलकर्मियों पर पथराव कर दिया। पथराव में दो पुलिसकर्मी घायल हो गए और दमकल की एक गाड़ी का शीशा भी टूट गया।

बताया जा रहा है कि इस इमारत में कई मजदूर रहते थे, जो आसपास के बाजारों में काम करते थे। फिलहाल पुलिस और दमकल विभाग की टीमें मौके पर मौजूद हैं और आग पर काबू पाने के साथ-साथ मृतकों की पहचान करने की कोशिश कर रही हैं।

Kinni Times
Author: Kinni Times

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *