बिहार की प्रतिष्ठित बांकीपुर विधानसभा सीट पर होने वाले उपचुनाव से पहले राज्य का राजनीतिक पारा चढ़ गया है. तृणमूल कांग्रेस (TMC) के वरिष्ठ नेता और पश्चिम बंगाल के आसनसोल से सांसद शत्रुघ्न सिन्हा ने जनसुराज पार्टी के संस्थापक और बांकीपुर से उम्मीदवार प्रशांत किशोर का खुलकर समर्थन किया है. शत्रुघ्न सिन्हा ने प्रशांत किशोर की तारीफ करते हुए उन्हें जन-नेता और ‘Gen-Z यानी युवा पीढ़ी का हीरो’ करार दिया है. सिन्हा ने बांकीपुर के मतदाताओं से प्रशांत किशोर को भारी मतों से जिताने की अपील की है.
शांत किशोर में नेतृत्व और दृष्टि दोनों’
शत्रुघ्न सिन्हा ने अपने बयान में कहा कि प्रशांत किशोर केवल एक कुशल रणनीतिकार ही नहीं हैं, बल्कि वे जमीन से जुड़े एक ऐसे नेता हैं जो युवाओं की सोच और उनकी प्राथमिकताओं को बेहतर ढंग से समझते हैं. उन्होंने कहा कि बिहार को इस समय एक नई दृष्टि और मजबूत राजनीतिक विकल्प की जरूरत है, और प्रशांत किशोर युवाओं तथा बदलाव चाहने वाले वोटरों की आवाज बनकर उभरे हैं.
बांकीपुर का सियासी समीकरण
भाजपा के पूर्व विधायक और वर्तमान में पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन के राज्यसभा जाने के बाद बांकीपुर सीट खाली हुई है, जिसके चलते यहाँ उपचुनाव हो रहा है. यह सीट पिछले तीन दशकों से भाजपा का मजबूत गढ़ मानी जाती रही है.ऐसे में जनसुराज के बैनर तले प्रशांत किशोर के खुद चुनावी मैदान में उतरने से मुकाबला बेहद दिलचस्प हो गया है. शत्रुघ्न सिन्हा द्वारा मिले इस खुले समर्थन को जनसुराज के लिए एक बड़े राजनीतिक बूस्ट के तौर पर देखा जा रहा है.








