देश के कई हिस्सों में मौसम एक बार फिर करवट लेने जा रहा है। भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने बिहार, उत्तर प्रदेश, दिल्ली समेत 22 राज्यों में बारिश, तेज हवाओं और कुछ इलाकों में भारी से बहुत भारी वर्षा का अलर्ट जारी किया है। कई लोगों के मोबाइल फोन पर भी मौसम विभाग की चेतावनी पहुंची है, जिसमें खराब मौसम को लेकर सतर्क रहने की सलाह दी गई है।
मौसम विभाग के अनुसार, उत्तर प्रदेश, बिहार, दिल्ली, राजस्थान, झारखंड, पश्चिम बंगाल, ओडिशा, असम, सिक्किम, हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड, मेघालय, मणिपुर, नागालैंड, मिजोरम, त्रिपुरा, गुजरात, मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़, अरुणाचल प्रदेश, गोवा और मध्य महाराष्ट्र में अगले कुछ घंटों से लेकर आने वाले दिनों तक बारिश की गतिविधियां तेज रहने की संभावना है।
आईएमडी का कहना है कि उत्तर-पश्चिम बंगाल की खाड़ी और ओडिशा-पश्चिम बंगाल तट के पास बने कम दबाव के क्षेत्र के कारण मौसम में बड़ा बदलाव देखने को मिलेगा। इसके प्रभाव से अगले सात दिनों तक पूर्वी और पूर्वोत्तर भारत, पूर्वी उत्तर प्रदेश तथा पश्चिमी हिमालयी राज्यों में व्यापक बारिश हो सकती है।
मौसम विभाग ने चेतावनी दी है कि कई स्थानों पर भारी से बहुत भारी बारिश होने के कारण जलभराव, बाढ़ और भूस्खलन जैसी स्थितियां बन सकती हैं। ऐसे में लोगों को अनावश्यक यात्रा से बचने और प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करने की सलाह दी गई है।
वहीं, पुरी की प्रसिद्ध जगन्नाथ रथयात्रा के दौरान भी बादल छाए रहने और बीच-बीच में बारिश होने की संभावना जताई गई है। श्रद्धालुओं और स्थानीय प्रशासन को मौसम को देखते हुए आवश्यक सावधानी बरतने की सलाह दी गई है।
यह भी पढे
अमेरिका-ईरान तनाव और बढ़ा: अमेरिकी हमलों में 35 की मौत, 300 से ज्यादा घायल; भारत ने ईरान के उपराजदूत को तलब https://kinnitimes.com/?p=31288








