बांग्लादेश में हिंदू समुदाय को निशाना बनाकर की जा रही हिंसा थमने का नाम नहीं ले रही है। ताजा मामले में नरसिंगदी जिले में एक किराना दुकानदार मोनी चक्रवर्ती की धारदार हथियारों से हमला कर हत्या कर दी गई। यह घटना 24 घंटे के भीतर हिंदुओं पर हुआ दूसरा घातक हमला बताया जा रहा है।
स्थानीय रिपोर्टों के मुताबिक, हमले के बाद गंभीर रूप से घायल मोनी चक्रवर्ती को बचाया नहीं जा सका। इस घटना ने एक बार फिर बांग्लादेश में अल्पसंख्यक हिंदुओं की सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
इससे पहले 3 जनवरी को 50 वर्षीय खोकन चंद्र दास पर बेरहमी से हमला किया गया था, जिसमें उन्हें काटा गया और आग के हवाले कर दिया गया, जिससे उनकी मौत हो गई। वहीं 24 दिसंबर को राजबाड़ी जिले के पांग्शा उपजिला में कथित उगाही के मामले में अमृत मंडल को पीट-पीटकर मार डाला गया था।
लगातार हो रही इन घटनाओं से साफ है कि बांग्लादेश में हिंदुओं के खिलाफ हिंसा की घटनाएं बढ़ती जा रही हैं, जिससे अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी चिंता जताई जा रही है।








