पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव 2026 के लिए मतदान प्रक्रिया पूरी हो चुकी है और अब सभी की नजर 4 मई को आने वाले नतीजों पर टिकी है। राज्य में दो चरणों में मतदान कराया गया, जिसमें रिकॉर्ड वोटिंग देखने को मिली। पहले चरण में 152 सीटों पर 92.88 फीसदी मतदान हुआ, जबकि दूसरे चरण में 142 सीटों पर भी भारी वोटिंग दर्ज की गई।
अब सामने आए एग्जिट पोल ने बंगाल की राजनीति में नई हलचल पैदा कर दी है। कई सर्वे में बीजेपी को बढ़त दिखाई गई है, जबकि कुछ पोल में टीएमसी की वापसी का दावा किया गया है।
अलग-अलग एग्जिट पोल में क्या तस्वीर?
कुछ एग्जिट पोल के मुताबिक बीजेपी राज्य में सरकार बना सकती है और 150 से ज्यादा सीटें जीत सकती है। वहीं कुछ सर्वे में टीएमसी को 130 से 160 सीटों तक मिलने का अनुमान जताया गया है। कुछ पोल में बीजेपी और टीएमसी के बीच कांटे की टक्कर भी दिखाई गई है।

TMC का बड़ा दावा
टीएमसी नेता कुणाल घोष ने एग्जिट पोल को पूरी तरह गलत बताया। उन्होंने कहा कि पार्टी 235 से ज्यादा सीटें जीतकर सत्ता में वापसी करेगी। उनका कहना है कि बंगाल की जनता ने ममता बनर्जी पर भरोसा जताया है और बीजेपी 50 सीटों तक भी नहीं पहुंचेगी।
बीजेपी भी जीत को लेकर आश्वस्त
केंद्रीय मंत्री सुकांता मजूमदार ने दावा किया कि जनता इस बार बदलाव चाहती है और बीजेपी को भारी समर्थन मिला है। उन्होंने कहा कि पार्टी 170 से ज्यादा सीटें जीतकर सरकार बनाएगी।
सुवेंदु अधिकारी का बयान
बीजेपी नेता सुवेंदु अधिकारी ने भवानीपुर सीट पर रिकॉर्ड मतदान का दावा किया और कहा कि इस बार फर्जी वोटिंग पर रोक लगी है। उन्होंने इसे जनता के बदलाव के मूड का संकेत बताया।
अब सबकी नजर 4 मई पर
एग्जिट पोल ने मुकाबले को बेहद दिलचस्प बना दिया है। हालांकि असली तस्वीर 4 मई को नतीजे आने के बाद ही साफ होगी। बंगाल में सत्ता की कुर्सी किसे मिलेगी, इसका फैसला जनता ने ईवीएम में बंद कर दिया है।
यह भी पढे
दूसरे चरण की वोटिंग से पहले सुरक्षा के इंतजाम https://kinnitimes.com/?p=29602
पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव के दूसरे चरण का मतदान https://www.facebook.com/share/p/1dJTVPGUCw/



