देश के कई राज्यों में लगातार हो रही भारी बारिश ने जनजीवन को बुरी तरह प्रभावित कर दिया है। हिमाचल प्रदेश, जम्मू-कश्मीर, उत्तराखंड, उत्तर प्रदेश और असम समेत कई राज्यों में बारिश, भूस्खलन और बाढ़ जैसी घटनाओं से जान-माल का भारी नुकसान हुआ है। मौसम विभाग ने आने वाले दिनों में भी कई इलाकों में तेज बारिश का अलर्ट जारी किया है।
हिमाचल प्रदेश के चंबा जिले में सोमवार देर रात बड़ा हादसा हुआ, जब पठानकोट-भरमौर राष्ट्रीय राजमार्ग पर लाहड़ के पास एक कार अनियंत्रित होकर गहरी खाई में गिर गई। दुर्घटना में तीन माह के मासूम समेत एक ही परिवार के पांच लोगों की मौत हो गई। बताया जा रहा है कि परिवार चंडीगढ़ स्थित पीजीआई से बच्चे का इलाज कराकर घर लौट रहा था।
इसी बीच चंबा जिले में लगातार बारिश के कारण कई स्थानों पर भूस्खलन हुआ। मलबा गिरने से करीब 20 वाहन फंस गए और कई मकानों को नुकसान पहुंचा। प्रदेश में 100 से अधिक मुख्य और संपर्क सड़कें बंद होने से यातायात प्रभावित है।
जम्मू-कश्मीर के बांडीपोरा जिले में मंगलवार को बादल फटने के बाद निचले इलाकों में अचानक बाढ़ जैसे हालात बन गए। कई घरों और कृषि भूमि को नुकसान पहुंचा, जबकि स्थानीय प्रशासन ने लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया।
उत्तर प्रदेश में भी बारिश कहर बनकर टूटी। बुलंदशहर में स्कूल से घर लौट रही चौथी कक्षा की एक छात्रा जलभराव के बीच खुले नाले में गिर गई। देर शाम तक उसकी तलाश जारी रही। वहीं संभल जिले में बारिश के दौरान मकान की दीवार गिरने से दो लोगों की मौत हो गई।
उत्तराखंड में लगातार खराब मौसम को देखते हुए प्रशासन ने एहतियातन चारधाम यात्रा को दो दिनों के लिए स्थगित कर दिया है। यात्रियों को विभिन्न पड़ावों पर रोक दिया गया है। मौसम की स्थिति की समीक्षा के बाद आगे यात्रा शुरू करने का निर्णय लिया जाएगा।
पूर्वोत्तर में भी हालात चिंताजनक बने हुए हैं। असम में बाढ़ से मरने वालों की संख्या बढ़कर 75 पहुंच गई है। राज्य के सात जिले अभी भी बाढ़ की चपेट में हैं और लगभग 3.3 लाख लोग प्रभावित हैं। राहत एवं बचाव कार्य जारी है।
भारतीय मौसम विभाग ने हिमाचल प्रदेश, जम्मू-कश्मीर, लद्दाख, उत्तराखंड, पश्चिमी उत्तर प्रदेश और पूर्वी राजस्थान सहित कई राज्यों में अगले कुछ दिनों तक भारी से अत्यधिक भारी बारिश की संभावना जताई है। प्रशासन ने लोगों से नदी-नालों और भूस्खलन संभावित क्षेत्रों से दूर रहने तथा आवश्यक होने पर ही यात्रा करने की सलाह दी है।








