*गाजियाबाद।* उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद जिले के मोदीनगर में मंगलवार देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। निवाड़ी थाना क्षेत्र के गंगनहर पटरी मार्ग पर एक मिनी ट्रक (पिकअप) और ट्रक के बीच हुई भीषण टक्कर में तीन लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि पांच अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
जानकारी के अनुसार, मिनी ट्रक में सवार सभी लोग हरिद्वार पूजा-अर्चना के लिए जा रहे थे। इसी दौरान गंगनहर पटरी मार्ग पर सामने से आ रहे ट्रक से उनकी जोरदार भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि मिनी ट्रक के परखच्चे उड़ गए और वाहन पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया।
सूचना मिलते ही निवाड़ी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को बाहर निकालकर अस्पताल भिजवाया। हादसे में तीन लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि पांच अन्य का इलाज जारी है।
बताया जा रहा है कि दुर्घटनाग्रस्त मिनी ट्रक कुछ ही दिन पहले खरीदा गया था और पहली बार धार्मिक यात्रा के लिए इस्तेमाल किया जा रहा था। पुलिस ने हादसे के बाद ट्रक चालक और परिचालक को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। साथ ही दुर्घटना के कारणों की जांच की जा रही है।








