नए साल के पहले दिन राज ठाकरे के घर पहुंचे उद्धव ठाकरे

SHARE:

मुंबई। नए साल के पहले ही दिन महाराष्ट्र की राजनीति में हलचल देखने को मिली, जब शिवसेना (यूबीटी) प्रमुख उद्धव ठाकरे महाराष्ट्र नवनिर्माण सेना (एमएनएस) प्रमुख राज ठाकरे से मिलने उनके आवास पहुंचे। राज ठाकरे ने उद्धव ठाकरे का गर्मजोशी से स्वागत किया। यह मुलाकात हाल ही में घोषित दोनों दलों के सियासी गठबंधन के बाद हुई है, जिसे काफी अहम माना जा रहा है।

दरअसल, कुछ दिन पहले ही राज ठाकरे और उद्धव ठाकरे ने नगर निगम चुनावों को लेकर गठबंधन की घोषणा की थी। इसके बाद से ही महाराष्ट्र, खासकर मुंबई की राजनीति में सरगर्मी तेज हो गई है। गठबंधन की घोषणा करते हुए राज ठाकरे ने साफ कहा था कि “मुंबई का मेयर मराठी होगा और वही हमारा होगा।”

इस गठबंधन के तहत अब महाराष्ट्र नवनिर्माण सेना और शिवसेना (उद्धव बालासाहेब ठाकरे) मिलकर आगामी नगर निगम चुनाव लड़ेंगी। माना जा रहा है कि मुंबई नगर निगम चुनाव ठाकरे बंधुओं के लिए बेहद अहम हैं और इसे दोनों नेताओं के लिए प्रतिष्ठा की लड़ाई के रूप में देखा जा रहा है।

नए साल के पहले दिन हुई यह मुलाकात सियासी संदेश भी मानी जा रही है कि गठबंधन पूरी तरह मजबूत है और आने वाले चुनावों में दोनों दल एकजुट होकर मैदान में उतरेंगे।

Kinni Times
Author: Kinni Times

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *