देश में एक बार फिर कोरोना वायरस के नए मामलों ने स्वास्थ्य विभाग की चिंता बढ़ा दी है। उत्तर प्रदेश, महाराष्ट्र और आंध्र प्रदेश समेत देश के कुछ राज्यों में कोविड-19 के नए केस सामने आने के बाद स्वास्थ्य महकमे को पूरी तरह अलर्ट कर दिया गया है। लंबे समय तक शांत रहने के बाद अचानक सामने आ रहे ये मामले प्रशासन और आम लोगों को सतर्क रहने का इशारा कर रहे हैं।
पड़ोसी राज्यों की भी चिंता बढ़ा दी
इस नए अलर्ट की शुरुआत उत्तर प्रदेश के वाराणसी से हुई, जहां सांस लेने में गंभीर तकलीफ के बाद एक युवक को अस्पताल में भर्ती कराया गया था। डॉक्टरों ने जब एहतियात के तौर पर उसका टेस्ट कराया, तो वह कोविड-19 पॉजिटिव पाया गया। इस मामले के सामने आते ही स्थानीय स्वास्थ्य विभाग तुरंत हरकत में आ गया है और मरीज के संपर्क में आए लोगों की ट्रेसिंग की जा रही है। वाराणसी के अलावा आंध्र प्रदेश में भी कोरोना के नए मामले दर्ज किए गए हैं, जिसने पड़ोसी राज्यों की भी चिंता बढ़ा दी है।
संदिग्ध मरीजों की जांच तेज करने के निर्देश दिए
इस सूची में महाराष्ट्र का नाम भी शामिल है, जहां पहले भी कोरोना के सबसे ज्यादा प्रभाव देखे गए हैं। लगातार मिल रहे इन मामलों को देखते हुए स्वास्थ्य अधिकारियों ने अस्पतालों को अपनी तैयारियां पुख्ता करने और संदिग्ध मरीजों की जांच तेज करने के निर्देश दिए हैं। हालांकि विशेषज्ञों का कहना है कि अभी पैनिक यानी घबराने की जरूरत नहीं है, लेकिन सर्दी-खांसी और सांस लेने में तकलीफ जैसे लक्षणों को नजरअंदाज न करने और भीड़भाड़ वाले इलाकों में सावधानी बरतने की सख्त सलाह दी जा रही है।








