देशभर में आज कई महत्वपूर्ण राजनीतिक, प्रशासनिक और सामाजिक घटनाक्रम सामने आए। केंद्र सरकार ने 1993 बैच के वरिष्ठ आईपीएस अधिकारी महेश दीक्षित को इंटेलिजेंस ब्यूरो (IB) का नया निदेशक नियुक्त किया है।
अयोध्या के राम मंदिर चंदा चोरी मामले में बड़ा घटनाक्रम देखने को मिला। एसआईटी की सिफारिश और राम जन्मभूमि ट्रस्ट की शिकायत के आधार पर एफआईआर दर्ज की गई। इस मामले में लवकुश मिश्रा और अनुकल्प मिश्रा को गिरफ्तार किया गया है, जबकि टिन्नू यादव समेत कुल आठ लोगों के खिलाफ मामला दर्ज हुआ है।
केंद्र सरकार ने एलपीजी उपभोक्ताओं को राहत देते हुए गैस कनेक्शन से जुड़े सभी प्रतिबंध हटाने का फैसला किया है। वहीं प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 27 से 29 जून तक सेशेल्स की आधिकारिक यात्रा पर जाएंगे।
उत्तर प्रदेश के संभल में एक राइस मिल में हुए हादसे में टैंक की सफाई के दौरान दो मजदूरों की मौत हो गई। दूसरी ओर, लखनऊ अग्निकांड के बाद प्रयागराज प्रशासन ने कार्रवाई करते हुए 86 गेस्ट हाउस, होटल और बैंक्वेट हॉल के पंजीकरण रद्द कर दिए हैं।
महाराष्ट्र के हिंगोली में 18 वर्षीय नीट अभ्यर्थी ने आत्महत्या कर ली। बताया जा रहा है कि छात्र ने घटना से पहले एक वीडियो भी रिकॉर्ड किया था। वहीं मुंबई लोकल ट्रेन में हत्या के आरोपी रोशन सुवर्णा को अदालत ने 30 जून तक पुलिस रिमांड पर भेज दिया है।
पश्चिम बंगाल के कोलकाता स्थित तारातला इलाके में गोदाम की छत गिरने की घटना में मृतकों की संख्या बढ़कर 11 हो गई है। दार्जिलिंग में भारी बारिश और भूस्खलन के कारण कई सड़कें बंद हैं, जिससे पर्यटक फंस गए हैं।
अरुणाचल प्रदेश के केयी पैन्योर क्षेत्र में लगातार बारिश के चलते बाढ़ की स्थिति बनी हुई है। एक व्यक्ति की मौत हो गई है जबकि चार लोग अब भी लापता बताए जा रहे हैं।
राजनीतिक मोर्चे पर उत्तर प्रदेश बीजेपी ने अपने नए पदाधिकारियों की घोषणा की है। रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह के बेटे नीरज सिंह, सपा की बागी विधायक पूजा पाल और प्रियंका रावत को महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं।
बिहार में भरत तिवारी एनकाउंटर मामले की जांच तेज हो गई है। जांच के सिलसिले में रिटायर्ड जज विनोद कुमार सिन्हा बिलौटी गांव पहुंचे। वहीं पीएमसीएच के प्रिंसिपल डॉ. नरेंद्र प्रताप सिंह को उनके पद से हटा दिया गया है।
अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भारत सरकार ने घोषणा की है कि 28 जून से बांग्लादेश के लिए टूरिस्ट वीजा सेवा फिर से शुरू कर दी जाएगी। भारत के नए हाई कमिश्नर दिनेश त्रिवेदी ने बांग्लादेश के राष्ट्रपति को अपना परिचय पत्र भी सौंप दिया है।
इसके अलावा कनाडा के ब्रैम्पटन में एक रेस्टोरेंट के बाहर हुई फायरिंग की जिम्मेदारी रोहित गोदारा गैंग ने ली है, जबकि जम्मू-कश्मीर में अमरनाथ यात्रा की तैयारियों को लेकर उपराज्यपाल ने पहलगाम में उच्च स्तरीय बैठक की।







