अमेरिका-भारत ट्रेड डील के विरोध में पंजाब और हरियाणा के किसानों ने मंगलवार को दिल्ली कूच का ऐलान किया है। इसके चलते शंभू बॉर्डर पर बड़ी संख्या में किसान जुटने लगे हैं। स्थिति को देखते हुए हरियाणा पुलिस ने शंभू बॉर्डर को पूरी तरह सील कर दिया है और सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए हैं।
बॉर्डर पर कई स्तर के बैरिकेड लगाए गए हैं। साथ ही जेसीबी मशीनें और भारी पुलिस बल तैनात किया गया है, ताकि प्रदर्शनकारी आगे न बढ़ सकें। प्रशासन का कहना है कि कानून-व्यवस्था बनाए रखना उनकी प्राथमिकता है।
किसान नेता सरवण पंधेर ने कहा कि किसान शांतिपूर्ण तरीके से दिल्ली जाना चाहते हैं। उनका आरोप है कि हरियाणा और केंद्र सरकार उन्हें रोकने के लिए बैरिकेडिंग कर रही है। उन्होंने कहा कि किसान प्रशासन से बातचीत के लिए तैयार हैं, लेकिन किसी भी तरह के टकराव की मंशा लेकर नहीं आए हैं।
वहीं किसान नेता तेजबीर सिंह ने बताया कि हरियाणा के पिहोवा, अंबाला और कुरुक्षेत्र के किसान दिल्ली की ओर कूच करेंगे, जबकि पंजाब के किसान शंभू बॉर्डर पर एकत्र होंगे। उन्होंने यह भी दावा किया कि खनौरी बॉर्डर का रास्ता भी बंद कर दिया गया है। उनके अनुसार, दिल्ली में किसानों का कार्यक्रम दोपहर 12 बजे से शाम 4 बजे तक प्रस्तावित है।
इस बीच अंबाला पुलिस ने शंभू बॉर्डर पर धारा 163 लागू होने की जानकारी देते हुए किसानों से बैरिकेड्स से 100 मीटर की दूरी बनाए रखने की अपील की है। पुलिस ने यात्रियों के लिए ट्रैफिक एडवाइजरी भी जारी की है और वैकल्पिक मार्गों का इस्तेमाल करने की सलाह दी है। साथ ही किसी भी आपात स्थिति में 112 पर संपर्क करने की अपील की गई है।








