जयपुर, राजस्थान:
राजस्थान की राजधानी जयपुर में सोमवार दोपहर एक दिल दहला देने वाला सड़क हादसा हुआ। हरमाड़ा थाना क्षेत्र में एक तेज रफ्तार डंपर ने अचानक नियंत्रण खो दिया और 17 गाड़ियों को टक्कर मार दी। इस भयावह दुर्घटना में 13 लोगों की मौके पर मौत हो गई, जबकि 18 से ज्यादा लोग घायल हुए हैं। घायलों में कई की हालत गंभीर बताई जा रही है।
कैसे हुआ हादसा
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, हादसा दोपहर करीब 1 बजे हुआ जब रोड नंबर 14 से आ रहा एक डंपर पेट्रोल पंप के पास हाईवे पर घुसने की कोशिश कर रहा था। अचानक ड्राइवर का वाहन से नियंत्रण हट गया और डंपर ने एक के बाद एक कई वाहनों को जोरदार टक्कर मार दी। कुछ वाहन सड़क किनारे पलट गए, जबकि कई गाड़ियां बुरी तरह कुचल गईं।
घायलों की हालत गंभीर, अस्पतालों में भर्ती
पुलिस ने तुरंत राहत और बचाव कार्य शुरू किया। घायलों को नजदीकी अस्पतालों में पहुंचाया गया, जबकि तीन गंभीर रूप से घायल मरीजों को एसएमएस ट्रॉमा सेंटर रेफर किया गया है। जयपुर कलेक्टर के मुताबिक, 13 लोगों की मौत की पुष्टि हो चुकी है और सभी घायलों का इलाज जारी है।
मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने जताया शोक
राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने इस हादसे को बेहद दुखद बताया और घायलों के बेहतर इलाज के निर्देश दिए। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर लिखा,
“जयपुर के हरमाड़ा थाना क्षेत्र में हुई सड़क दुर्घटना अत्यंत दुखद और हृदयविदारक है। घायलों के समुचित उपचार के निर्देश दिए गए हैं। ईश्वर दिवंगत आत्माओं को शांति प्रदान करें और परिजनों को यह दुख सहने की शक्ति दें।”
पूर्व सीएम गहलोत ने भी जताया संवेदना
पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने भी इस हादसे पर गहरा दुख व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि यह बेहद पीड़ादायक घटना है और उन्होंने मृतकों के परिजनों के प्रति संवेदना जताई।
सरकार ने दी जानकारी
राज्य मंत्री गजेंद्र सिंह खींवसर ने बताया कि हादसे में 13 लोगों की मौत हुई है। उन्होंने बताया कि 10 लोग घायल हैं — जिनमें 6 एसएमएस अस्पताल, 2 सीकेएस अस्पताल और 2 कवाटिया अस्पताल में भर्ती हैं। एसएमएस अस्पताल में भर्ती छह लोगों की हालत नाजुक बताई जा रही है।








