ग्रेटर नोएडा के सैंथली गांव में नाली से पानी की निकासी को लेकर दो पक्षों में हुआ विवाद सोमवार को खूनी रूप ले लिया। मामूली बहस के बाद हुई फायरिंग में चाचा-भतीजे की मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए।
हत्या की सूचना फैलते ही गांव में तनाव फैल गया। गुस्साए ग्रामीणों ने चौकी के सामने जाम लगाकर विरोध प्रदर्शन किया। पुलिस ने समझा-बुझाकर भीड़ को शांत किया और शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
मृतकों की पहचान 55 वर्षीय अजयपाल भाटी और 21 वर्षीय दिपांशु भाटी के रूप में हुई है। दोनों एक ही परिवार के सदस्य थे।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, अजयपाल और उनके पड़ोसी प्रिंस के बीच नाली की निकासी को लेकर लंबे समय से विवाद चल रहा था। रविवार को भी दोनों पक्षों में कहासुनी हुई थी, जिसे ग्रामीणों ने सुलझा दिया था। लेकिन सोमवार सुबह प्रिंस अपने मामा के घर से कुछ युवकों को बुलाकर आया, जिन्होंने अजयपाल के घर पर हमला कर दिया।
हमलावरों ने पहले लाठी-डंडों से मारपीट की और फिर पिस्टल से गोलियां चला दीं, जिससे अजयपाल और दीपांशु के सीने में गोली लग गई। दोनों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया।
घटना के बाद पुलिस ने पूरे इलाके में भारी बल तैनात कर दिया है और फरार आरोपियों की तलाश में छापेमारी जारी है। एडीसीपी ग्रेटर नोएडा सुधीर कुमार ने कहा कि सभी आरोपियों की पहचान हो चुकी है और उन्हें जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
मुख्य बिंदु:
नाली विवाद में चाचा-भतीजे की गोली मारकर हत्या
ग्रामीणों ने चौकी के सामने किया प्रदर्शन, लगाया जाम
पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजे, आरोपियों की तलाश जारी







