पुलिस पूछताछ में आरोपी ने कबूल किया कि उसने अपने साथियों लोकेश मिश्रा, पवन कुमार और संजीव कुमार के साथ मिलकर 1 जुलाई को थाना बिसरख क्षेत्र में चेरी काउण्टी पेट्रोल पंप के पास एक व्यक्ति से 10 लाख रुपये की ठगी की थी।
ग्रेटर नोएडा के थाना बिसरख पुलिस ने शुक्रवार को अंतरराज्यीय टप्पेबाज गिरोह के एक सक्रिय बदमाश को मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार किया है। पकड़े गए बदमाश की पहचान मोहल्ला बाल्मिकी कस्बा थाना भुना फतेहाबाद (हरियाणा) के अजय उर्फ टिंकू रूप में हुई है। आरोपी के पास से एक तमंचा, एक खोखा कारतूस, घटना में प्रयुक्त चोरी की मोटरसाइकिल (बिना नंबर प्लेट) और पांच हजार रुपये नकद बरामद किए गए हैं।
एडीशनल डीसीपी सेंट्रल नोएडा ह्रदेश कठेरिया का कहना है कि बिसरख पुलिस चिपियाना बुजुर्ग टी प्वाइंट पर वाहनों की चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान सामने से बाइक पर सवार एक शख्स आता दिखाई दिया। पुलिस टीम ने उसे रुकने का इशारा किया। लेकिन वह रुकने के बजाय मोटरसाइकिल तेजी से मोड़कर भागने लगा। पुलिस ने पीछा किया तो आरोपी ने बाइक को कंपनी के पीछे की ओर मोड़ दिया।
इसी बीच जब सामने से दूसरी पुलिस टीम आती दिखाई दी तो घबराहट में उसकी मोटरसाइकिल अनियंत्रित होकर गिर गई। अपने को घिरा देख आरोपी ने पुलिस टीम पर फायर कर दिया। पुलिस ने भी आत्मरक्षार्थ जवाबी कार्रवाई की, जिसमें बदमाश घायल हो गया। गिरफ्तार आरोपी अजय के खिलाफ हरियाणा में पहले से ही कई मुकदमे दर्ज हैं। पुलिस ने मुठभेड़ के दौरान आरोपी को घायल अवस्था में दबोच लिया और इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया। पुलिस गिरोह के नेटवर्क और सहयोगियों के बारे में भी जानकारी जुटा रही है। ताकि गिरोह के बाकी सदस्यों पर शिकंजा कसा जा सके।
10 लाख की ठगी में था शामिल
पुलिस पूछताछ में आरोपी ने कबूल किया कि उसने अपने साथियों लोकेश मिश्रा, पवन कुमार और संजीव कुमार के साथ मिलकर 1 जुलाई को थाना बिसरख क्षेत्र में चेरी काउण्टी पेट्रोल पंप के पास एक व्यक्ति से 10 लाख रुपये की ठगी की थी। इस मामले में पुलिस ने 5 जुलाई को आरोपी के तीनों साथियों को पहले ही गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया था। जबकि अजय तब से फरार चल रहा था। पुलिस के मुताबिक, गिरफ्तार आरोपी अजय उर्फ टिंकू एक अंतर्राज्यीय अपराधी है। जिसके खिलाफ हरियाणा में कई आपराधिक मामले दर्ज हैं।



