गोवा के वरिष्ठ नेता, राज्य के कृषि मंत्री और पूर्व मुख्यमंत्री रवि नाइक का 79 वर्ष की उम्र में निधन हो गया है। जानकारी के अनुसार, उन्हें बुधवार देर रात दिल का दौरा (हार्ट अटैक) पड़ा, जिसके बाद उन्हें पोंडा के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया। डॉक्टरों ने रात करीब 1 बजे उन्हें मृत घोषित कर दिया।
रवि नाइक के निधन से गोवा की राजनीति और समाज में शोक की लहर दौड़ गई है। वे अपने परिवार के साथ पोंडा के खड़पबंध स्थित आवास में रहते थे। परिवार में उनकी पत्नी, दो बेटे, एक बहू और तीन पोते-पोतियां हैं। उनका अंतिम संस्कार आज दोपहर 3 बजे किया जाएगा।
अंतिम दर्शन के लिए उमड़ेंगे लोग
उनके पार्थिव शरीर को पोंडा स्थित उनके निवास पर रखा जाएगा, जहां हजारों लोग उन्हें अंतिम श्रद्धांजलि देंगे। गोवा के राजनीतिक और सामाजिक संगठनों ने उनके निधन को राज्य के लिए अपूरणीय क्षति बताया है। पीएम मोदी और सीएम सावंत ने जताया दुख
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने एक्स (X) पर पोस्ट करते हुए शोक व्यक्त किया और लिखा —“गोवा सरकार में मंत्री रहे श्री रवि नाइक जी के निधन से दुखी हूं। उन्हें एक अनुभवी प्रशासक और समर्पित लोक सेवक के रूप में याद किया जाएगा, जिन्होंने गोवा के विकास में अहम भूमिका निभाई।”
गोवा के मुख्यमंत्री प्रमोद सावंत ने भी शोक प्रकट करते हुए कहा — “हमारे वरिष्ठ नेता और कैबिनेट मंत्री रहे रवि नाइक के निधन से बहुत दुख हुआ है। मुख्यमंत्री के रूप में उनका योगदान और राज्य के लोगों के लिए उनका समर्पण हमेशा याद किया जाएगा। दुःख की इस घड़ी में परिवार के प्रति मेरी संवेदनाएं।”
छह बार विधायक और दो बार मुख्यमंत्री रहे
रवि नाइक गोवा की राजनीति में एक अनुभवी और प्रभावशाली चेहरा रहे हैं। उन्होंने अपने राजनीतिक जीवन में कुल सात बार विधानसभा चुनाव जीते, जिनमें से छह बार पोंडा सीट से विधायक बने। उन्होंने अपना राजनीतिक करियर 1984 में महाराष्ट्रवादी गोमांतक पार्टी (MGP) से शुरू किया था। बाद में वे कांग्रेस में शामिल हुए और 1991 से 1993 तक पहली बार गोवा के मुख्यमंत्री बने। 1994 में दूसरी बार वे अल्प अवधि के लिए (6 दिन) मुख्यमंत्री पद पर रहे। 1998 में वे कांग्रेस के टिकट पर नॉर्थ गोवा से सांसद भी चुने गए। राजनीतिक अनुभव और जनसेवा के कारण वे हर दल में सम्मानित रहे। 2022 के विधानसभा चुनाव में उन्होंने भाजपा उम्मीदवार के रूप में जीत दर्ज की थी।
राज्य के विकास में अहम भूमिका
कृषि मंत्री के रूप में रवि नाइक ने गोवा के ग्रामीण और कृषि क्षेत्रों में कई योजनाओं को आगे बढ़ाया। वे हमेशा किसानों की समस्याओं के समाधान और राज्य के विकास के लिए प्रतिबद्ध रहे। उनके निधन से गोवा की राजनीति ने एक अनुभवी और संवेदनशील नेता खो दिया है, जिसकी भरपाई लंबे समय तक संभव नहीं होगी।



