उत्तर भारत में घना कोहरा और शीतलहर का कहर, जनजीवन अस्त-व्यस्त; कई राज्यों में रेड अलर्ट

SHARE:

 

पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने से उत्तर भारत के मौसम में बड़ा बदलाव आया है। दिल्ली, उत्तर प्रदेश, हरियाणा, पंजाब समेत कई राज्यों में घना कोहरा और शीतलहर छाई हुई है। शुक्रवार सुबह पंजाब से बिहार तक कई इलाकों में कोहरे की मोटी चादर देखने को मिली, जिससे दृश्यता कई जगह शून्य तक पहुंच गई। इसका सीधा असर रेल, सड़क और हवाई यातायात पर पड़ा है, वहीं कई जिलों में स्कूलों के समय में बदलाव या अवकाश घोषित करना पड़ा।

दिल्ली में कोहरे का रेड अलर्ट
भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने दिल्ली के लिए घने कोहरे का रेड अलर्ट जारी किया है। वहीं उत्तर प्रदेश, उत्तराखंड और पंजाब के कई जिलों में ऑरेंज अलर्ट घोषित किया गया है। मौसम विभाग ने लोगों को सतर्क रहने, अनावश्यक यात्रा से बचने और वाहन चलाते समय फॉग लाइट का इस्तेमाल करने की सलाह दी है।

यूपी में गलन भरी ठंड, स्कूल बंद
आईएमडी के अनुसार शुक्रवार सुबह आगरा, बरेली, सहारनपुर, गोरखपुर समेत कई शहरों में दृश्यता शून्य दर्ज की गई। पश्चिमी यूपी से लेकर पूर्वांचल तक कड़ाके की ठंड और गलन ने लोगों को घरों में कैद कर दिया। बरेली मंडल में कक्षा आठ तक के सभी स्कूल 20 तारीख तक बंद कर दिए गए हैं। मेरठ, आगरा और आसपास के जिलों में भी दिन के समय तक कोहरा छाया रहा।

वाराणसी से ग्वालियर तक कोहरे का असर
वाराणसी में सुबह 10 बजे तक घना कोहरा रहा और दृश्यता 100 मीटर के आसपास बनी रही। मध्य प्रदेश के ग्वालियर-चंबल अंचल में भी सुबह तक कोहरा छाया रहा, जिससे सड़कों पर आवाजाही प्रभावित हुई।

रेल और हवाई सेवाएं प्रभावित
कोहरे के कारण दिल्ली आने वाली 40 से अधिक ट्रेनें दो घंटे से ज्यादा देरी से पहुंचीं, जबकि कई ट्रेनों को निरस्त करना पड़ा। शताब्दी और वंदे भारत समेत कई ट्रेनें देरी से चलीं।
वहीं दिल्ली के आईजीआई एयरपोर्ट पर भी हालात गंभीर रहे। गुरुवार रात से शुक्रवार सुबह तक दृश्यता 50 मीटर तक गिरने के कारण चार अंतरराष्ट्रीय उड़ानों समेत 177 फ्लाइट्स रद कर दी गईं। बड़ी संख्या में उड़ानें देरी से संचालित हुईं।

मौसम विभाग के अनुसार आने वाले दिनों में भी उत्तर भारत के कई हिस्सों में कोहरा और शीतलहर का असर बना रह सकता है।

Kinni Times
Author: Kinni Times

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *