Unnao Crime News: उत्तर प्रदेश के उन्नाव जिले में पांच दिन से लापता बेहटा मजावर के हरईपुर निवासी मेडिकल स्टोर संचालक अंकित (27) का शव गांव से एक किलोमीटर दूर मिला. हत्यारों ने शव को निर्माणाधीन गंगा एक्सप्रेसवे में जलनिकासी के लिए डाले गए पाइप में छिपाया था. किसी को पता न चले इसलिए दोनों मुहानों पर मिट्टी डाल दी थी दुर्गंध आने पर ग्रामीणों ने मंगलवार रात पुलिस को सूचना दी, जिसके बाद शव बरामद हुआ. पुलिस फोरेंसिक टीम के साथ जांच कर रही है चर्चा है कि रुपयों के लेनदेन या प्रेम प्रसंग में हत्या की गई है.
अंकित का हरदोई के मल्लावां थाना क्षेत्र के गौसगंज में मेडिकल स्टोर था वह रोज बाइक से घर आता-जाता था. 23 मई की रात को वह अचानक लापता हो गया था 24 मई की सुबह तक घर न लौटने और मोबाइल फोन बंद होने पर, छोटे भाई भाजपा कार्यकर्ता अतुल पटेल ने गुमशुदगी दर्ज कराई थी.
पुलिस व परिजन कर रहे है आरोपी की तलास
परिजन और पुलिस तलाश कर रहे थे. दो दिन पहले गांव से 15 किलोमीटर दूर बाइक और मंगलवार को गांव से पांच किलोमीटर दूर झाड़ी में नंबर प्ले मिलीइससे परिजनों का शक और गहरा गया और आसपास तलाश तेज की. मंगलवार रात करीब आठ बजे करीब 15 इंच व्यास के पाइप के पास दुर्गंध आने पर ग्रामीणों व परिजनों को शक हुआ. सूचना पर एसओ मुन्ना कुमार और सीओ अरविंद चौरसिया पहुंचे. ग्रामीणों की मदद से सीमेंट के बड़े पाइप के मुहानों पर डाली गई मिट्टी को हटवाया तो पहले हाथ की अंगुली नजर आई. जैसे ही अंगुली को पकड़ कर खींचा गया तो वह उखड़ कर ग्रामीण के हाथ में आ गई इसके बाद दो सिपाहियों ने पाइप के अंदर घुसकर शव को निकाला. अंकित का शव देख पिता रामजीवन, मां राममूर्ति, बहन शालिनी व अन्य परिजन बेहाल हो गए. सूचना पर क्षेत्र के विधायक श्रीकांत कटियार भी पहुंचे हालांकि परिजनों ने अभी कोई आरोप नहीं लगाया है, लेकिन ग्रामीणों में रुपयों के लेनदेन या प्रेम प्रसंग में हत्या किए जाने की चर्चा है.



