यूपी में नई ड्राफ्ट वोटर लिस्ट जारी, 19 लाख बढ़े मतदाता; 13.58 करोड़ पहुंची संख्या

SHARE:

 

 

उत्तर प्रदेश में चुनाव आयोग ने विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण (SSR) के तहत नई ड्राफ्ट वोटर लिस्ट जारी कर दी है। मंगलवार को मुख्य निर्वाचन अधिकारी नवदीप रिणवा ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर मतदाताओं के नए आंकड़े साझा किए। जारी सूची के मुताबिक, प्रदेश में करीब 19 लाख मतदाताओं की बढ़ोतरी हुई है। अब राज्य में कुल मतदाताओं की संख्या 13 करोड़ 58 लाख 68 हजार 905 हो गई है।

 

पुरुषों की संख्या महिलाओं से ज्यादा

 

नई ड्राफ्ट वोटर लिस्ट के अनुसार, प्रदेश में 7 करोड़ 38 लाख 58 हजार 510 पुरुष और 6 करोड़ 20 लाख 6 हजार 353 महिला मतदाता हैं। वहीं, 18 से 19 साल की उम्र वाले 11 लाख 83 हजार 352 युवा मतदाता सूची में शामिल हैं।

 

अनुमानित आंकड़ों से 2.58 करोड़ कम मतदाता

 

जारी आंकड़ों के मुताबिक, जनसंख्या के अनुमान के आधार पर उत्तर प्रदेश में मतदाताओं की संख्या करीब 2 करोड़ 58 लाख 16 हजार कम बताई गई है। इसमें पुरुष मतदाताओं की अनुमानित संख्या से करीब 94 लाख और महिला मतदाताओं की अनुमानित संख्या से करीब 1 करोड़ 64 लाख की कमी है।

 

धर्म के आधार पर वोट कटने के दावों पर मुख्य निर्वाचन अधिकारी नवदीप रिणवा ने कहा कि मतदाता सूची में धर्म या जाति का कोई विवरण दर्ज नहीं होता। विभाग के पास भी इस आधार पर कोई आंकड़ा उपलब्ध नहीं है। उन्होंने स्पष्ट किया कि किसी धर्म या जाति को निशाना बनाकर वोट नहीं काटे गए हैं।

 

4 जनवरी को जारी होगी फाइनल वोटर लिस्ट

 

चुनाव आयोग के कार्यक्रम के मुताबिक, ड्राफ्ट वोटर लिस्ट पर 17 नवंबर से 16 दिसंबर तक दावे और आपत्तियां दर्ज कराई जा सकेंगी। इनका निस्तारण 28 दिसंबर तक किया जाएगा। इसके बाद 4 जनवरी 2027 को अंतिम मतदाता सूची जारी होगी।

 

बीजेपी शुरू करेगी मतदाता जोड़ो अभियान

 

ड्राफ्ट वोटर लिस्ट जारी होने के साथ ही बीजेपी ने प्रदेशभर में मतदाता जोड़ो अभियान शुरू करने की घोषणा की है। यह अभियान 17 नवंबर से 16 दिसंबर तक चलेगा। पार्टी ने प्रदेश के 1 लाख 73 हजार 730 बूथों पर 50-50 नए मतदाता जोड़ने का लक्ष्य रखा है। इसके तहत करीब 86 लाख 86 हजार नए मतदाताओं को सूची में शामिल कराने की योजना है।

Kinni Times
Author: Kinni Times

सबसे ज्यादा पड़ गई