21 सितंबर 2026 को देशभर से राजनीति, शिक्षा, रोजगार, कानून-व्यवस्था, मौसम और हादसों से जुड़ी कई बड़ी खबरें सामने आईं। दिनभर की प्रमुख खबरों पर एक नजर डालते हैं|
जमुई में नाबालिग से बदसलूकी मामले में NCW सख्त, 3 आरोपी गिरफ्तार
बिहार के जमुई में नाबालिग लड़की और उसके साथी को रास्ते में रोककर कथित बदसलूकी और मारपीट के मामले में राष्ट्रीय महिला आयोग ने स्वतः संज्ञान लिया है। NCW अध्यक्ष विजया रहाटकर ने बिहार DGP को FIR, आरोपियों की पहचान और गिरफ्तारी के निर्देश दिए हैं। पुलिस ने वीडियो के आधार पर पीड़िता की पहचान कर बयान दर्ज किया और FIR के बाद तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। घटना 19 सितंबर की शाम की बताई जा रही है। राज्य महिला आयोग ने भी मामले का संज्ञान लेकर कार्रवाई की जानकारी मांगी है।
सोनिया गांधी के वोटर लिस्ट मामले में नया मोड़, दिल्ली कोर्ट ने दिया Fresh Hearing का आदेश
दिल्ली की राऊज एवेन्यू कोर्ट ने सोनिया गांधी के कथित 1980 के वोटर लिस्ट में नाम शामिल होने से जुड़े मामले में मजिस्ट्रेट कोर्ट का पुराना आदेश रद्द कर दिया है। शिकायत में आरोप लगाया गया था कि उनका नाम 1980 की मतदाता सूची में था, जबकि उन्होंने 30 अप्रैल 1983 को भारतीय नागरिकता हासिल की थी। विशेष अदालत ने मामले को दोबारा मजिस्ट्रेट के पास भेजते हुए नए सिरे से सुनवाई और कारणयुक्त आदेश देने को कहा है। मामले की अगली सुनवाई 29 सितंबर को होगी।
IIT में 20 साल में 171 छात्रों की अप्राकृतिक मौतों का दावा, आंकड़ों ने बढ़ाई चिंता
जनवरी 2006 से सितंबर 2026 के बीच IIT संस्थानों में 171 छात्रों की अप्राकृतिक मौतों का आंकड़ा सामने आया है। यह डेटा पूर्व IIT कानपुर छात्र धीरज सिंह ने RTI और मीडिया रिपोर्ट्स के आधार पर जुटाया है। आंकड़ों के अनुसार 2006-2015 के दौरान 51 मौतें हुईं, जबकि 2016 से सितंबर 2026 के बीच यह संख्या 129 रही। रिपोर्ट में परीक्षा और रिजल्ट के आसपास घटनाओं की संख्या बढ़ने का भी उल्लेख है। IIT बॉम्बे के हालिया मामले की जांच मुंबई क्राइम ब्रांच कर रही है।
जमुई घटना पर JDU के बयान से विवाद, RJD ने साधा निशाना
बिहार के जमुई में नाबालिग लड़की के साथ हुई कथित बदसलूकी को लेकर सियासी बयानबाजी तेज हो गई है। JDU प्रदेश अध्यक्ष उमेश कुशवाहा ने घटना को लेकर कहा कि छिटपुट घटनाएं होती हैं और सरकार संवेदनशील है। उनके बयान पर RJD नेता शक्ति यादव ने निशाना साधते हुए इसे शर्मनाक बताया और सरकार पर सवाल उठाए। विवाद बढ़ने के बाद उमेश कुशवाहा ने सोशल मीडिया पोस्ट के जरिए सफाई दी। उन्होंने घटना को दुखद और निंदनीय बताया। उन्होंने कहा कि SIT गठित है, तीन आरोपी गिरफ्तार हो चुके हैं और अन्य आरोपियों की तलाश जारी है।
नड्डा काफिला हमला मामले में 6 साल बाद 2 TMC नेता गिरफ्तार
पश्चिम बंगाल के दक्षिण 24 परगना में 2020 के जेपी नड्डा काफिला हमले के मामले में पुलिस ने दो TMC नेताओं रिपन शेख और संजीव मंडल को गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक, दोनों को उस्ती थाना क्षेत्र से पकड़ा गया और जांच के दौरान इस पुराने मामले में उनकी कथित संलिप्तता सामने आई। अधिकारियों के अनुसार, 10 दिसंबर 2020 को शिराकोल के पास नड्डा के काफिले पर पथराव हुआ था, जिसमें कई वाहन क्षतिग्रस्त हुए और कुछ बीजेपी नेता घायल हुए थे। मामले की जांच अब दोबारा तेज की गई है।
UN में सुधार के लिए भारत का बड़ा प्लान, P4M बैठक में जयशंकर होंगे शामिल
संयुक्त राष्ट्र में सुधार और बहुपक्षवाद को मजबूत करने को लेकर भारत अपनी भूमिका बढ़ा रहा है। विदेश मंत्री एस. जयशंकर न्यूयॉर्क में ‘पार्टनर्स फॉर मल्टीलेटरलिज्म’ यानी P4M बैठक में शामिल होंगे। इस पहल का फोकस संयुक्त राष्ट्र को अधिक प्रतिनिधि और प्रभावी बनाने के साथ AI, जलवायु परिवर्तन, स्वास्थ्य सुरक्षा और डिजिटल बदलाव जैसी वैश्विक चुनौतियों पर सहयोग बढ़ाना है। भारत पहले से ही UN सुधार और बहुपक्षीय सहयोग से जुड़े G4, BRICS और G20 जैसे समूहों में सक्रिय है।
इटली के स्कूलों में बुर्का-नकाब पर बैन की तैयारी
इटली की प्रधानमंत्री जॉर्जिया मेलोनी ने स्कूलों में बुर्का और नकाब जैसे चेहरा ढकने वाले परिधानों पर प्रतिबंध लगाने की योजना का ऐलान किया है। मेलोनी के मुताबिक, इस संबंध में जल्द ही कैबिनेट के सामने विधेयक पेश किया जाएगा। सरकार प्रत्येक कक्षा में विदेशी छात्रों की संख्या की अधिकतम सीमा तय करने और गंभीर एकीकरण समस्याओं वाले विदेशी छात्रों के अभिभावकों के लिए इतालवी भाषा सीखना अनिवार्य करने का प्रस्ताव भी ला रही है। विदेशी छात्रों की प्रस्तावित सीमा अभी स्पष्ट नहीं की गई है।
धामी ने सहकारिता नेतृत्व प्रशिक्षण वर्ग का किया शुभारंभ
उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने मुख्यमंत्री आवास से वर्चुअल माध्यम से पंतनगर में आयोजित श्री लक्ष्मणराव इनामदार द्वितीय सहकारिता नेतृत्व प्रशिक्षण वर्ग के शुभारंभ सत्र को संबोधित किया। उन्होंने लक्ष्मणराव इनामदार की जयंती पर उन्हें नमन करते हुए कहा कि ऐसे प्रशिक्षण कार्यक्रम सहकारिता को मजबूत करने और ग्रामीण अर्थव्यवस्था को गति देने में अहम भूमिका निभाएंगे। धामी ने कहा कि मजबूत नेतृत्व से एम-पैक्स मजबूत होंगे, जिससे गांवों की अर्थव्यवस्था सुदृढ़ होगी और उत्तराखंड के विकास को नई दिशा मिलेगी।







