Tejashwi Yadav: राबड़ी बोलीं- तेजस्वी की जान पर खतरा, चार बार जानलेवा हमले हुए; सरकार ने कहा- लिखित दें यह बात

SHARE:

Bihar Election : भूतपूर्व मुख्यमंत्री राबड़ी देवी ने बिहार चुनाव से पहले मौजूदा विधानमंडल के अंतिम सत्र के अंतिम दिन बड़ा आरोप लगाया। कहा कि तेजस्वी यादव पर चार बार जानलेवा हमले हुए हैं। इसपर सरकार ने उन्हें लिखित जानकारी देने कहा है।

राष्ट्रीय जनता दल के राष्ट्रीय अध्यक्ष लालू प्रसाद यादव की पत्नी, बिहार की भूतपूर्व मुख्यमंत्री और बिहार विधान परिषद् की सदस्य राबड़ी देवी ने अपने छोटे बेटे तेजस्वी यादव को लेकर बड़ा बयान दिया है। राबड़ी ने बिहार विधानसभा चुनाव से पहले मौजूदा विधानमंडल के अंतिम सत्र के अंतिम दिन कहा कि तेजस्वी यादव पर चार बार जानलेवा हमले हो चुके हैं। 2005 से चल रही नीतीश कुमार सरकार में असुरक्षा को लेकर उन्होंने चुनाव से पहले यह बड़ा बयान दिया है। इसपर राज्य सरकार ने कहा कि यह चुनावी स्टंट है। अगर ऐसी बात है तो लिखित जानकारी दें, सरकार जांच करेगी।

राबड़ी देवी बोलीं- भाजपा-जदयू वाले नाली के कीड़े, यही हमला करा रहे

शुक्रवार को बिहार विधान परिषद् परिसर में नेता प्रतिपक्ष राबड़ी देवी ने सत्ता पक्ष पर बड़ा आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि “तेजस्वी यादव को जान का खतरा है। उनपर अब तक चार बार जानलेवा हमले हो चुके हैं। यह हमले भाजपा और जदयू वाले करवा रहे हैं। यह लोग नाली के कीड़े हैं।” इसके बाद राज्य की नीतीश कुमार सरकार के मंत्री जीवेश मिश्रा ने कहा कि पूर्व मुख्यमंत्री राबड़ी देवी के शब्दों का चयन जनता देख रही है। वह अनर्गल बयानबाजी कर रही हैं। वह विधान परिषद में नेता प्रतिपक्ष हैं, उन्हें इस तरह के शब्दों का प्रयोग नहीं करना चाहिए।

डिप्टी सीएम बोले- ऐसी बात है तो सरकार को लिखित दें राबड़ी देवी

राबड़ी देवी के बयान के बाद सरकार का पक्ष डिप्टी सीएम विजय सिन्हा ने रखा। उन्होंने कहा कि “एनडीए सरकार में सुरक्षा बिहार के अंदर सुरक्षा की गारंटी है। तेजस्वी यादव समेत दोनों भूतपूर्व मुख्यमंत्री को भी सरकार की ओर से काफी सुरक्षा दी गई है। इनलोगों ने जनता को खूब डराया है, इसीलिए अब खुद डर रहे हैं। अगर भूतपूर्व मुख्यमंत्री राबड़ी देवी को लगता है कि उनके बेटे को जान का खतरा है तो वह सरकार को लिखित दें। यह पूरी तरह से पॉलिटिकल स्टंट है। विपक्ष के लोगों की सोच काली हो गई है। इन्हें न तो संवैधानिक संस्था पर विश्वास है और न ही संविधान पर। इन्हें केवल लाठीतंत्र पर विश्वास है।”

Kinni Times
Author: Kinni Times

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *