नोएडा/नई दिल्ली। नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर रूसी सेना का IL-76 सैन्य परिवहन विमान पहुंचने के बाद एयरपोर्ट पर गतिविधियां तेज हो गई हैं। रिपोर्टों के मुताबिक, विमान के जरिए रूसी एडवांस टीम के नोएडा पहुंचने की जानकारी सामने आई है। यह घटनाक्रम दिल्ली में होने वाले आगामी BRICS शिखर सम्मेलन से पहले सामने आया है।
रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन के भारत दौरे की तैयारियों के बीच इस लैंडिंग को महत्वपूर्ण माना जा रहा है। पुतिन BRICS सम्मेलन में शामिल होने के साथ प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से द्विपक्षीय बातचीत भी करेंगे।
नोएडा एयरपोर्ट पर रूसी सैन्य विमान के पहुंचने से यह चर्चा भी तेज हुई है कि क्या पुतिन के विमान समेत कुछ विशेष वीवीआईपी उड़ानों के लिए नोएडा एयरपोर्ट का इस्तेमाल किया जा सकता है। हालांकि, पुतिन का विमान इसी एयरपोर्ट पर उतरेगा, इसकी अभी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। रिपोर्टों के अनुसार BRICS सम्मेलन के दौरान करीब 35 विशेष विमान और चार्टर उड़ानों के आने की संभावना है, जिसके चलते दिल्ली-एनसीआर के कई एयरपोर्टों के इस्तेमाल की योजना पर काम किया जा रहा है।
नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट ने इसी साल जून में वाणिज्यिक उड़ानें शुरू की थीं और फिलहाल यहां घरेलू उड़ानों का संचालन हो रहा है।
ऐसे में रूसी सैन्य विमान की लैंडिंग को BRICS सम्मेलन और पुतिन के संभावित दौरे की तैयारियों से जोड़कर देखा जा रहा है। हालांकि, अंतिम वीवीआईपी एयरपोर्ट व्यवस्था की आधिकारिक जानकारी का इंतजार है।








