राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (RSS) के प्रमुख मोहन भागवत ने संघ की स्थापना से लेकर अब तक स्वयंसेवकों की भूमिका को संगठन की सबसे बड़ी पहचान बताया है। उन्होंने कहा कि संघ की स्थापना के समय से ही स्वयंसेवक उसकी पहचान रहे हैं और 100 साल बाद भी यह पहचान कायम है। नागपुर में आयोजित एक कार्यक्रम को संबोधित करते हुए भागवत ने संघ के सौ साल के सफर और उसके शुरुआती दौर से जुड़े कई पुराने प्रसंगों का जिक्र किया।
1930 के दशक में इब्राहिम ने किया था संघ का समर्थन
मोहन भागवत ने बताया कि 1930 के दशक में सेंट्रल प्रोविंस की विधानसभा में संघ पर पहली बार प्रतिबंध लगाने की कोशिश की गई थी। उस समय संघ का बचाव करने के लिए कोई स्वयंसेवक मौजूद नहीं था। ऐसे में इब्राहिम नाम के एक व्यक्ति ने संघ के समर्थन में आवाज उठाई थी।
भागवत के मुताबिक, इब्राहिम ने कहा था कि संघ को बंद नहीं किया जाना चाहिए और इसे सांप्रदायिक संगठन नहीं माना जा सकता। उन्होंने डॉ. केशव बलिराम हेडगेवार का जिक्र करते हुए कहा था कि वे उन्हें जानते हैं और एक अच्छे व्यक्ति हैं। इसी आधार पर उन्होंने संघ पर प्रतिबंध लगाने के प्रयास का विरोध किया था।
प्रचारकों के समर्पण पर भी बोले भागवत
कार्यक्रम के दौरान मोहन भागवत ने संघ के प्रचारकों के जीवन और उनके समर्पण पर भी अपनी बात रखी। उन्होंने कहा कि प्रचारकों के जीवन पर पुस्तक लिखने का उद्देश्य किसी तरह का भौतिक लाभ प्राप्त करना नहीं, बल्कि उनके प्रति कृतज्ञता और स्नेह व्यक्त करना है।
उन्होंने कहा कि एक प्रचारक के लिए संघ ही सब कुछ होता है। उसके जीवन में व्यक्तिगत स्वार्थ, अहंकार और किसी तरह की अपेक्षा के लिए जगह नहीं होती। प्रचारक अपना जीवन समाज की सेवा के लिए समर्पित करता है।
भागवत ने स्वयंसेवक के जीवन को सिद्धांतों पर चलने वाला जीवन बताया। उन्होंने कहा कि स्वयंसेवक के मन में यही विचार रहता है कि वह समाज के लिए कितना अच्छा काम कर सकता है। हर स्वयंसेवक का स्तर अलग हो सकता है, लेकिन सभी की दिशा समाज के लिए काम करने की होती है।








