नई दिल्ली 4 जून : सोशल मीडिया पर काफी सक्रिय रहने वाली दिल्ली पुलिस का आईपीएल 2025 में आरसीबी की पहली जीत के बाद किया गया एक पोस्ट सोशल मीडिया पर काफी वायरल हो रहा है। पोस्ट कर दिल्ली पुलिस ने जहां आरसीबी की जीत का जश्न मनाया वहीं साथ में युवा पीढ़ी को संदेश भी दिया।
दरअसल, पंजाब किंग्स और रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु के बीच खिताबी मुकाबला खेला गया। इस मैच में पंजाब किंग्स ने टॉस जीतकर गेंदबाजी का फैसला किया। आरसीबी ने विराट कोहली की 43 रनों की पारी के दम पर 20 ओवर में नौ विकेट खोकर 190 रन बनाए। जवाब में पंजाब निर्धारित ओवरों में सात विकेट खोकर सिर्फ 184 रन ही बना पाई। इसी के साथ आरसीबी ने यह मुकाबला अपने नाम कर लिया और अपना पहला खिताब जीत लिया।
बता दें कि आरसीबी आईपीएल चैंपियन बनने वाली आठवीं टीम है। इससे पहले राजस्थान रॉयल्स, चेन्नई सुपर किंग्स, डेक्कन चार्जर्स, मुंबई इंडियंस, गुजरात टाइटंस, कोलकाता नाइट राइडर्स और सनराइजर्स हैदराबाद की टीम चैंपियन बन चुकी हैं।
आरसीबी की जीत के बाद दिल्ली पुलिस ने की मजेदार पोस्ट
आईपीएल 2025 में आरसीबी की जीत के बाद दिल्ली पुलिस ने सोशल मीडिया पर लिखा, ‘विराट जीत के लिए पेशेंस (धैर्य) जरूरी है. देखो 18 साल इंतजार किया और तुम अभी से कार, बाइक चलाने के लिए जिद करते रहते हो पापा-मम्मी से।’ दिल्ली पुलिस की यह पोस्ट काफी वायरल हो रही है। जिसके जरिए दिल्ली पुलिस ने युवा पीढ़ी को संदेश दिया कि उन्हें कार बाइक चलाने में जल्दबादी नहीं करनी चाहिए, इसके लिए धैर्य रखना जरूरी है।
🏆#Virat jeet ke liye
Patience zaroori hai!@iplt20@RCBTweets@imVkohli#RCBvsPBKS #iplfinal2025 #IPLFinals #IPL #IPL2025#EeCupnamde pic.twitter.com/il0RsRU6Z1— Delhi Police (@DelhiPolice) June 3, 2025
कैसी रही बेंगलुरु की बल्लेबाजी
बात अगर इस मैच में बेंगलुरु की बल्लेबाजी की करें तो बेंगलुरु ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में नौ विकेट गंवाकर 190 रन बनाए। टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करते हुए बेंगलुरु की शुरुआत खराब रही थी। फिल सॉल्ट नौ गेंद में दो चौके और एक छक्के की मदद से 16 रन बनाकर आउट हुए थे। उन्हें जेमीसन ने आउट किया था। इसके बाद विराट कोहली ने मयंक अग्रवाल के साथ पारी संभालने की कोशिश की, लेकिन मयंक बड़े शॉट के चक्कर में आउट हो गए। वह 18 गेंद में दो चौके और एक छक्के की मदद से 24 रन बनाकर आउट हुए।




