उत्तर भारत में मौसम एक बार फिर करवट लेने जा रहा है। मौसम विभाग ने 2 और 3 फरवरी के लिए 7 राज्यों में बारिश, बर्फबारी, तेज हवाओं और ओलावृष्टि का अलर्ट जारी किया है। पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने से दिल्ली-एनसीआर समेत कई इलाकों में तापमान गिरने और मौसम बिगड़ने की संभावना है।
आईएमडी के मुताबिक, लगातार दो वेस्टर्न डिस्टर्बेंस के असर से पश्चिमी हिमालयी क्षेत्रों में हल्की से मध्यम बारिश और बर्फबारी हो सकती है। इसका असर उत्तर-पश्चिम और मध्य भारत तक दिखाई देगा, जहां गरज-चमक, आंधी और ओले गिरने की आशंका है।
इन राज्यों में असर ज्यादा जम्मू-कश्मीर, लद्दाख, हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड, उत्तर प्रदेश, पंजाब, हरियाणा, पूर्वी राजस्थान और मध्य प्रदेश में मौसम का असर देखने को मिलेगा। कई जगह 50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं।
उत्तर प्रदेश में दोहरा असर प्रदेश के कुछ हिस्सों में घना कोहरा रहेगा, तो कुछ जिलों में बारिश, ओलावृष्टि और आकाशीय बिजली गिरने की चेतावनी जारी की गई है।
मध्य प्रदेश में आंधी-ओले एमपी के कई जिलों में तेज बारिश के साथ ओले गिरने की संभावना जताई गई है। प्रशासन ने लोगों से सतर्क रहने की अपील की है।
जम्मू-कश्मीर और हिमाचल में बर्फबारी ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी का दौर जारी रह सकता है। मनाली, शिमला और आसपास के क्षेत्रों में बर्फबारी और बारिश से ठंड बढ़ेगी, हालांकि पर्यटकों के लिए नजारे सुहाने हो सकते हैं।
राजस्थान, पंजाब और हरियाणा में अलर्ट राजस्थान के कई जिलों में बारिश और ओलावृष्टि की संभावना है। पंजाब के 9 जिलों में बारिश और 11 जिलों में धुंध को लेकर येलो अलर्ट जारी किया गया है। हरियाणा में भी पश्चिमी विक्षोभ का असर दिखाई दे रहा है।
मौसम विभाग ने लोगों से खराब मौसम के दौरान सावधानी बरतने और अनावश्यक यात्रा से बचने की सलाह दी है।








