BRICS Summit से पहले दिल्ली में ट्रैफिक अलर्ट, 2 सितंबर को 35 से ज्यादा सड़कों पर डायवर्जन

SHARE:

नई दिल्ली: BRICS शिखर सम्मेलन 2026 से पहले दिल्ली में मोटरकेड रिहर्सल को लेकर ट्रैफिक व्यवस्था में बड़ा बदलाव किया गया है। दिल्ली ट्रैफिक पुलिस ने 2 सितंबर को होने वाली मोटरकेड रिहर्सल के मद्देनजर ट्रैफिक एडवाइजरी जारी की है। रिहर्सल सुबह 10 बजे से दोपहर 3 बजे तक चलेगी। इस दौरान राजधानी की कई प्रमुख सड़कों पर यातायात नियंत्रित करने के साथ डायवर्जन लागू किए जाएंगे।

विदेश मंत्रालय के अनुसार, 18वां BRICS शिखर सम्मेलन 12 और 13 सितंबर 2026 को प्रगति मैदान स्थित भारत मंडपम में आयोजित होगा। सम्मेलन से पहले सुरक्षा और यातायात व्यवस्था की तैयारियों के तहत मोटरकेड रिहर्सल की जा रही है।

35 से ज्यादा सड़कों पर ट्रैफिक प्रभावित

ट्रैफिक पुलिस के मुताबिक, रिहर्सल के दौरान 22 डायवर्जन प्वाइंट बनाए गए हैं और 35 से अधिक सड़कों पर यातायात को नियंत्रित किया जाएगा। प्रभावित प्रमुख मार्गों में सरदार पटेल मार्ग, मदर टेरेसा क्रिसेंट, तीन मूर्ति मार्ग, अकबर रोड, तीस जनवरी मार्ग, राजेश पायलट मार्ग, सुब्रमण्यम भारती मार्ग, मथुरा रोड, मोती लाल नेहरू मार्ग, डॉ. जाकिर हुसैन मार्ग, अफ्रीका एवेन्यू रोड, शांति पथ, जनपथ, अशोका रोड, बाराखंभा रोड, टॉल्स्टॉय मार्ग, रंजीत सिंह फ्लाईओवर, नीति मार्ग, पंचशील मार्ग, कमाल अतातुर्क मार्ग, एपीजे अब्दुल कलाम रोड और प्रेस एन्क्लेव रोड शामिल हैं।

इन इलाकों में भी रहेगा ट्रैफिक डायवर्जन

ट्रैफिक पुलिस ने डॉ. दिनेश नंदिनी डालमिया चौक, राम चरण अग्रवाल चौक, मीर दर्द चौक, कस्तूरबा गांधी मार्ग-आउटर सर्किल, जनपथ-कनॉट प्लेस, पटेल चौक, आरएमएल अस्पताल राउंडअबाउट, धौला कुआं फ्लाईओवर, मोती बाग फ्लाईओवर, लोदी रोड और मंडी हाउस समेत कई स्थानों को डायवर्जन प्वाइंट के तौर पर चिन्हित किया है।

नियंत्रित मार्गों की ओर जाने वाले यातायात को जरूरत के अनुसार रिंग रोड, आईटीओ/आईपी मार्ग, दिल्ली गेट, सिकंदरा रोड, लोदी रोड, अरबिंदो मार्ग और वंदे मातरम मार्ग समेत अन्य वैकल्पिक रास्तों की ओर भेजा जाएगा।

एयरपोर्ट और रेलवे स्टेशन जाने वालों के लिए एडवाइजरी

ट्रैफिक पुलिस ने नई दिल्ली, पुरानी दिल्ली और हजरत निजामुद्दीन रेलवे स्टेशनों की ओर जाने वाले यात्रियों को यात्रा से पहले वैकल्पिक मार्ग की जानकारी लेने की सलाह दी है।

वहीं, एयरपोर्ट जाने वाले यात्रियों को खासतौर पर मेट्रो का इस्तेमाल करने की सलाह दी गई है। गुरुग्राम, द्वारका, नई दिल्ली, दक्षिण दिल्ली, पश्चिम दिल्ली, उत्तर दिल्ली और पूर्वी दिल्ली से एयरपोर्ट जाने वाले यात्रियों को नियंत्रित किए जाने वाले मार्गों से बचने और वैकल्पिक रास्तों का इस्तेमाल करने की सलाह दी गई है।

ट्रैफिक पुलिस ने वाहन चालकों से अपील की है कि वे 2 सितंबर को अपनी यात्रा पहले से प्लान करें और अनावश्यक परेशानी से बचने के लिए प्रभावित सड़कों से दूरी बनाए रखें।

Kinni Times
Author: Kinni Times

सबसे ज्यादा पड़ गई