Delhi News: अब दिल्ली में भीड़ होगी कम, 24000 करोड़ रुपये की प्रोजेक्ट की डीपीआर तैयार

SHARE:

नई दिल्ली 5 जून : दिल्ली में भीड़ कम करने के लिए प्लान तैयार हो गया है। मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने बुधवार को कई परियोजनाओं को लेकर अहम जानकारी दी। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार आईएनए से इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे (आईजीआई) तक प्रस्तावित एलिवेटेड रोड सहित विभिन्न बुनियादी ढांचा परियोजनाओं के माध्यम से दिल्ली को भीड़भाड़ और प्रदूषण से मुक्त शहर बनाने में बड़े पैमाने पर मदद कर रही है।

केंद्रीय सड़क परिवहन और राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी के साथ बैठक के बाद गुप्ता ने कहा कि 24,000 करोड़ रुपये की परियोजनाओं की विस्तृत परियोजना रिपोर्ट (डीपीआर) तैयार की गई है।

उन्होंने कहा कि सराय काले खां से इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय (आईजीआई) हवाई अड्डे तक एक सुरंग परियोजना की व्यवहार्यता का भी आकलन किया जा रहा है।

राष्ट्रीय राजधानी में भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (एनएचएआई) परियोजनाओं की प्रगति की समीक्षा के लिए हुई बैठक में उपराज्यपाल वी के सक्सेना, सड़क परिवहन राज्यमंत्री हर्ष मल्होत्रा और दिल्ली के मंत्री मौजूद थे।

डबल इंजन सरकार से लोगों को बहुत लाभ हो रहा

मुख्यमंत्री ने कहा, ‘डबल इंजन’ सरकार दिल्ली के लोगों को बहुत लाभ पहुंचा रही है। गुप्ता ने इसके लिए केंद्र को धन्यवाद देते हुए कहा, ‘‘दिल्ली में 35,000 करोड़ रुपये की एनएचएआई परियोजनाएं चल रही हैं, जबकि 64,000 करोड़ रुपये की परियोजनाएं पूरी हो चुकी हैं।’’

मुख्यमंत्री ने कहा कि एनएचएआई ने राजधानी दिल्ली के लिए 150 करोड़ रुपये की लागत वाली रोड ओवरब्रिज (आरओबी) और रोड अंडरब्रिज (आरयूबी) परियोजनाओं को भी मंजूरी दी है।

उन्होंने कहा कि दिल्ली के लिए 1.25 लाख करोड़ रुपये की परियोजनाएं पूरी की गई हैं और मैं इसके लिए प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और नितिन गडकरी का आभार व्यक्त करती हूं।

गुप्ता ने कहा कि शिवमूर्ति से नेल्सन मंडेला मार्ग तक सात किलोमीटर लंबी भूमिगत सुरंग के प्रस्ताव सहित ये परियोजनाएं दिल्ली में भीड़भाड़ कम करने और प्रदूषण कम करने में मदद करेंगी।

 

 

 

Kinni Times
Author: Kinni Times

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *