दिवाली के त्योहार पर दिल्ली-एनसीआर में जमकर आतिशबाजी हुई। रोशनी और पटाखों के साथ लोगों ने दिवाली का जश्न मनाया, लेकिन इस जश्न का असर अब हवा की गुणवत्ता पर दिखाई देने लगा है। पटाखों से निकले धुएं ने पहले से प्रदूषित वातावरण को और जहरीला बना दिया है। दिवाली के अगले दिन यानी सोमवार सुबह राजधानी दिल्ली के कई इलाकों में वायु गुणवत्ता सूचकांक (AQI) 400 के पार पहुंच गया।
केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (CPCB) के आंकड़ों के मुताबिक, सोमवार सुबह दिल्ली के कई इलाकों में हवा की गुणवत्ता गंभीर श्रेणी में दर्ज की गई। सोनिया विहार में सबसे अधिक 449 AQI रिकॉर्ड किया गया। वहीं बुराड़ी क्रॉसिंग में 445, विवेक विहार में 441, जहांगीरपुरी में 439 और नॉर्थ कैंपस में 437 AQI दर्ज हुआ। इसके अलावा रोहिणी में 435, बवाना में 424, चांदनी चौक और पटपड़गंज में 418 तथा मुंडका में 413 AQI रहा।
दिल्ली के साथ-साथ नोएडा और गाजियाबाद में भी प्रदूषण का स्तर बढ़ा हुआ है। नोएडा के सेक्टर-62 में AQI 404 दर्ज किया गया, जबकि गाजियाबाद के वसुंधरा इलाके में यह 395 तक पहुंच गया। कई इलाकों में धुएं और स्मॉग की मोटी चादर छाई रही, जिससे सुबह के समय दृश्यता भी प्रभावित हुई।
स्वास्थ्य पर बढ़ा खतरा
हवा में प्रदूषण बढ़ने से लोगों की परेशानी भी बढ़ सकती है। खासतौर पर बच्चों, बुजुर्गों और सांस संबंधी समस्याओं से जूझ रहे लोगों को अधिक सावधानी बरतने की जरूरत है। जहरीली हवा के कारण आंखों में जलन, गले में खराश, खांसी और सांस लेने में परेशानी जैसी समस्याएं हो सकती हैं।
दिवाली के बाद दिल्ली-एनसीआर में प्रदूषण का बढ़ता स्तर एक बार फिर चिंता का विषय बन गया है। त्योहार के जश्न के बाद अब राजधानी के लोगों को जहरीली हवा और घने स्मॉग का सामना करना पड़ रहा है








