दिवाली के बाद दिल्ली-NCR की हवा हुई जहरीली, कई इलाकों में AQI 400 के पार; सांस लेना हुआ मुश्किल

SHARE:

दिवाली का त्योहार बीतने के बाद भी दिल्ली-एनसीआर में प्रदूषण का स्तर लगातार बढ़ता जा रहा है। राजधानी दिल्ली और आसपास के इलाकों में हवा की गुणवत्ता बेहद खराब स्थिति में पहुंच गई है। कई इलाकों में एयर क्वालिटी इंडेक्स (AQI) 400 के पार दर्ज किया जा रहा है। इसके चलते लोगों को सांस लेने में परेशानी, आंखों में जलन और गले में खराश जैसी समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है।

 

दिल्ली की जहरीली होती हवा ने आम लोगों की चिंता बढ़ा दी है। सुबह और शाम के समय प्रदूषण का असर अधिक महसूस किया जा रहा है। सड़कों पर धुंध और स्मॉग की मोटी परत दिखाई दे रही है, जिससे दृश्यता भी प्रभावित हो रही है। खासकर बच्चों, बुजुर्गों और पहले से सांस संबंधी समस्याओं से जूझ रहे लोगों को अधिक सावधानी बरतने की जरूरत है।

 

दिल्ली के कई इलाकों में AQI 400 के पार

13 नवंबर की सुबह दिल्ली का औसत AQI 403 दर्ज किया गया। केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के आंकड़ों के अनुसार, दिल्ली के 58 निगरानी केंद्रों में से 33 केंद्रों पर हवा की गुणवत्ता गंभीर श्रेणी में पहुंच गई। IIT दिल्ली में AQI 488, चांदनी चौक में 480 और दिल्ली विश्वविद्यालय के नॉर्थ कैंपस में 479 दर्ज किया गया। इसके अलावा पंजाबी बाग में 458, ITO में 448, जहांगीरपुरी में 430 और आनंद विहार में 419 AQI रिकॉर्ड किया गया।

 

NCR के शहरों में भी प्रदूषण का असर

दिल्ली के साथ-साथ नोएडा, ग्रेटर नोएडा, गुरुग्राम और फरीदाबाद की हवा भी प्रदूषित बनी हुई है। नोएडा में AQI 365, ग्रेटर नोएडा में 356, गुरुग्राम में 354 और फरीदाबाद में 308 दर्ज किया गया। इससे साफ है कि प्रदूषण का असर केवल राजधानी तक सीमित नहीं है, बल्कि पूरे एनसीआर में लोगों को खराब हवा का सामना करना पड़ रहा है।

Kinni Times
Author: Kinni Times

सबसे ज्यादा पड़ गई