दिल्ली में छठ पूजा को लेकर तैयारियां तेज कर दी गई हैं। इसी क्रम में लोक निर्माण विभाग (PWD) एवं सिंचाई और बाढ़ नियंत्रण मंत्री प्रवेश साहिब सिंह ने बुधवार को आईटीओ स्थित हाथी घाट का दौरा किया। इस दौरान उन्होंने छठ पूजा के आयोजन को लेकर की जा रही तैयारियों का निरीक्षण किया और मौके पर मौजूद अधिकारियों से व्यवस्थाओं की जानकारी ली।
निरीक्षण के दौरान सिंचाई एवं बाढ़ नियंत्रण विभाग और दिल्ली जल बोर्ड के अधिकारी भी मौजूद रहे। मंत्री ने संबंधित एजेंसियों को निर्देश दिए कि घाटों की साफ-सफाई, पानी की उपलब्धता, रोशनी और अन्य जरूरी सुविधाओं का विशेष ध्यान रखा जाए। उन्होंने कहा कि छठ पूजा से पहले सभी व्यवस्थाएं समय पर पूरी की जाएं, ताकि श्रद्धालुओं को पूजा और सूर्य को अर्घ्य देने के दौरान किसी तरह की परेशानी न हो।
दिल्ली में 1,482 घाटों पर होगी छठ पूजा
दिल्ली सरकार ने इस साल छठ पूजा के आयोजन के लिए राजधानी में 996 स्थानों पर कुल 1,482 घाट तैयार करने की योजना बनाई है। इनमें 53 स्थानों पर 81 स्थायी घाट और 914 स्थानों पर 1,372 अस्थायी घाट शामिल हैं। इसके अलावा यमुना किनारे 29 स्थानों पर 29 घाट तैयार किए जा रहे हैं।
तैयारियों को पूरा कराने के लिए 74 एजेंसियों को जिम्मेदारी दी गई है और 155 कार्य आवंटित किए गए हैं। सिंचाई एवं बाढ़ नियंत्रण विभाग और दिल्ली जल बोर्ड मिलकर घाटों पर जरूरी सुविधाएं उपलब्ध कराने में जुटे हैं।
इस साल छठ पूजा का चार दिवसीय पर्व 13 से 16 नवंबर तक मनाया जाएगा। ऐसे में प्रशासन का ध्यान घाटों की व्यवस्था समय पर पूरी करने और श्रद्धालुओं को सुरक्षित एवं सुविधाजनक माहौल उपलब्ध कराने पर है








