दिल्ली में प्रदूषण से राहत नहीं, AQI 249 पर पहुंचा; पंजाबी बाग सबसे प्रदूषित इलाका

SHARE:

राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में प्रदूषण का स्तर लगातार चिंता का विषय बना हुआ है। सोमवार सुबह भी दिल्ली की हवा ‘खराब’ श्रेणी में दर्ज की गई। केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (CPCB) के आंकड़ों के अनुसार, सुबह 8 बजे दिल्ली का औसत वायु गुणवत्ता सूचकांक (AQI) 249 रहा। राजधानी के कई इलाकों में एक्यूआई 250 के पार दर्ज किया गया। पंजाबी बाग 282 AQI के साथ दिल्ली का सबसे प्रदूषित निगरानी स्टेशन रहा।

प्रदूषण के बढ़ते स्तर के कारण लोगों को सांस लेने में परेशानी और आंखों में जलन जैसी समस्याओं का सामना करना पड़ सकता है। खासतौर पर बच्चों, बुजुर्गों और सांस संबंधी बीमारियों से जूझ रहे लोगों को सावधानी बरतने की जरूरत है।

पंजाबी बाग, बवाना और चांदनी चौक में सबसे ज्यादा प्रदूषण

CPCB की ओर से जारी आंकड़ों के मुताबिक, पंजाबी बाग में सुबह 8 बजे AQI 282 दर्ज किया गया। इसके बाद बवाना में 273 और चांदनी चौक में 271 एक्यूआई रहा। इन तीनों इलाकों में हवा की गुणवत्ता खराब श्रेणी में दर्ज की गई।

इसके अलावा रोहिणी और आरके पुरम में 252-252, अलीपुर में 246, अशोक विहार में 240, नरेला में 239 और आनंद विहार में 237 एक्यूआई दर्ज किया गया।

राजधानी के अन्य इलाकों की स्थिति भी कुछ खास बेहतर नहीं रही। मंदिर मार्ग में 225, आईजीआई एयरपोर्ट टर्मिनल-3 में 217, सोनिया विहार में 215, ओखला फेज-2 में 213, पटपड़गंज में 208 और मेजर ध्यान चंद स्टेडियम में 202 एक्यूआई रिकॉर्ड किया गया।

वसुंधरा एन्क्लेव में हवा की स्थिति बेहतर

दिल्ली के ज्यादातर निगरानी केंद्रों पर हवा की गुणवत्ता खराब श्रेणी में रही, लेकिन वसुंधरा एन्क्लेव में स्थिति कुछ बेहतर दर्ज की गई। यहां सुबह 170 एक्यूआई रिकॉर्ड हुआ, जो मध्यम श्रेणी में आता है।

इससे साफ है कि राजधानी के अलग-अलग इलाकों में प्रदूषण का स्तर अलग-अलग बना हुआ है। हालांकि, अधिकांश निगरानी केंद्रों पर खराब हवा दर्ज होने से प्रदूषण की समस्या बनी हुई है।

नोएडा, गाजियाबाद समेत आसपास के शहरों का हाल

दिल्ली के साथ-साथ एनसीआर के दूसरे शहरों में भी वायु प्रदूषण का असर देखने को मिला। CPCB के आंकड़ों के अनुसार, नोएडा में AQI 214, गाजियाबाद में 237 और हापुड़ में 219 दर्ज किया गया। वहीं बुलंदशहर में एक्यूआई 185 रहा।

इन आंकड़ों के मुताबिक, नोएडा, गाजियाबाद और हापुड़ में हवा की गुणवत्ता खराब श्रेणी में रही, जबकि बुलंदशहर में मध्यम श्रेणी दर्ज की गई।

जानिए AQI की कौन सी श्रेणी कितनी खतरनाक?

केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड वायु गुणवत्ता को एक्यूआई के आधार पर छह श्रेणियों में बांटता है। इसके जरिए हवा में मौजूद प्रदूषण के स्तर और उससे होने वाले संभावित प्रभावों का आकलन किया जाता है।

  • 0 से 50 AQI: अच्छा
  • 51 से 100 AQI: संतोषजनक
  • 101 से 200 AQI: मध्यम
  • 201 से 300 AQI: खराब
  • 301 से 400 AQI: बहुत खराब
  • 401 से 500 AQI: गंभीर
Kinni Times
Author: Kinni Times

सबसे ज्यादा पड़ गई