दिल्ली के जंतर-मंतर पर NEET पेपर लीक मामले को लेकर जारी आंदोलन के बीच कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) में बड़ा आतंरिक घटनाक्रम सामने आया है। CJP ने अपनी पार्टी की प्रवक्ता विजेता दहिया को संगठन के सभी पदों से तत्काल प्रभाव से बर्खास्त कर दिया है।
पार्टी नेतृत्व ने अपने आधिकारिक सोशल मीडिया हैंडल पर इस फैसले की जानकारी साझा की। CJP ने बयान जारी करते हुए कहा कि पार्टी विजेता दहिया के कथित असंवेदनशील व्यवहार और बयानों की कड़ी निंदा करती है। संगठन में अनुशासन और जनभावनाओं का सम्मान सर्वोपरि है, जिसके तहत यह अनुशासनात्मक कार्रवाई की गई है।
विवादित बयान के बाद गिरी गाज
सूत्रों के मुताबिक, जंतर-मंतर पर चल रहे विरोध प्रदर्शन के दौरान विजेता दहिया का एक बयान सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था, जिसके बाद प्रदर्शनकारी छात्रों और आम जनता के बीच भारी नाराजगी देखने को मिल रही थी। आंदोलन की साख और युवाओं के बीच पार्टी की छवि को बचाने के लिए शीर्ष नेतृत्व ने तुरंत प्रभाव से उन्हें प्रवक्ता पद और पार्टी की प्राथमिक सदस्यता/पदों से मुक्त करने का फैसला लिया।
आंदोलन पर नहीं पड़ेगा असर: CJP
पार्टी के वरिष्ठ पदाधिकारियों का कहना है कि यह कार्रवाई यह संदेश देने के लिए है कि CJP छात्रों और युवाओं की लड़ाई में पूरी निष्ठा के साथ खड़ी है। किसी भी पदाधिकारी के व्यक्तिगत या असंवेदनशील व्यवहार को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
उल्लेखनीय है कि दिल्ली में शिक्षा मंत्री के इस्तीफे और NEET परीक्षा रद्द करने की मांग को लेकर CJP का प्रदर्शन लगातार जारी है। ऐसे नाजुक मोड़ पर अपने ही नेता पर कार्रवाई कर पार्टी ने आंदोलन की दिशा को भटकने से बचाने का प्रयास किया है।








