राजधानी दिल्ली में जारी CJP के ‘चलो संसद’ प्रदर्शन को देखते हुए दिल्ली मेट्रो रेल निगम (DMRC) ने गुरुवार को भी 16 मेट्रो स्टेशनों पर यात्रियों की एंट्री और एग्जिट अस्थायी रूप से बंद रखने का फैसला किया है। यह प्रतिबंध सुबह 7:30 बजे से अगले आदेश तक लागू रहेगा।
DMRC के अनुसार, सुरक्षा एजेंसियों के निर्देश और जंतर-मंतर व संसद मार्ग के आसपास बढ़ी सुरक्षा व्यवस्था को ध्यान में रखते हुए यह कदम उठाया गया है। हालांकि, राजीव चौक, मंडी हाउस और केंद्रीय सचिवालय स्टेशनों पर यात्रियों के लिए इंटरचेंज (लाइन बदलने) की सुविधा पहले की तरह उपलब्ध रहेगी।
इन स्टेशनों पर एंट्री और एग्जिट बंद
- लोक कल्याण मार्ग
- राजीव चौक
- पटेल चौक
- रामकृष्ण आश्रम मार्ग
- बाराखंभा रोड
- सुप्रीम कोर्ट
- सेवा तीर्थ
- जनपथ
- मंडी हाउस
- केंद्रीय सचिवालय
- आईटीओ
- दिल्ली गेट
- इंद्रप्रस्थ
- खान मार्केट
- जोर बाग
- शिवाजी स्टेडियम
इन सभी स्टेशनों पर यात्री न तो प्रवेश कर सकेंगे और न ही बाहर निकल सकेंगे। केवल इंटरचेंज की सुविधा चुनिंदा स्टेशनों पर जारी रहेगी।
गौरतलब है कि बुधवार को भी इन्हीं स्टेशनों को कई घंटों तक बंद रखा गया था। जंतर-मंतर पर पिछले कुछ समय से नीट पेपर लीक और शिक्षा व्यवस्था में सुधार की मांग को लेकर CJP और छात्र संगठनों का प्रदर्शन जारी है। प्रदर्शन के मद्देनज़र संसद मार्ग और आसपास के इलाकों में सुरक्षा व्यवस्था और सख्त कर दी गई है।
DMRC ने यात्रियों से यात्रा पर निकलने से पहले मेट्रो की ताजा जानकारी और वैकल्पिक मार्गों की जांच करने की अपील की है, ताकि उन्हें किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।








