बिहार के पश्चिमी चंपारण जिले के बेतिया में बुधवार को बेखौफ बदमाशों ने दिनदहाड़े करोड़ों रुपये की लूट की वारदात को अंजाम दिया। हथियारों से लैस अपराधियों ने सुप्रिया सिनेमा रोड स्थित Senco Gold & Diamonds के शोरूम में घुसकर कर्मचारियों को बंदूक के दम पर डराया और दुकान में रखे सोने-चांदी के गहने समेत भारी मात्रा में नकदी लूट ली। वारदात के बाद सभी आरोपी मौके से फरार हो गए।
जानकारी के मुताबिक, घटना कालीबाग थाना क्षेत्र की है। बुधवार दोपहर करीब 6 से 8 हथियारबंद बदमाश शोरूम में पहुंचे थे। उनके हाथों में पिस्तौल और अन्य हथियार थे। शोरूम में दाखिल होते ही अपराधियों ने कर्मचारियों को निशाना बनाया और हथियार दिखाकर उन्हें अपने कब्जे में ले लिया। इसके बाद बदमाशों ने दुकान में रखे कीमती आभूषण और कैश समेटना शुरू कर दिया।
कर्मचारी को बंदूक की बट से पीटा
लूटपाट के दौरान बदमाशों ने विरोध करने या बीच में आने की कोशिश करने वाले कर्मचारियों के साथ मारपीट भी की। बताया जा रहा है कि एक कर्मचारी को बंदूक की बट से हमला कर घायल कर दिया गया। अपराधियों ने शोरूम में मौजूद लगभग सभी कीमती गहने और नकदी अपने कब्जे में ले ली। लूटे गए सामान की वास्तविक कीमत का आकलन अभी किया जा रहा है, हालांकि शुरुआती जानकारी में लूट की रकम करोड़ों रुपये बताई जा रही है।
मौके पर पहुंचे DIG और SSP, CCTV फुटेज खंगाल रही पुलिस
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। चंपारण रेंज के DIG हर किशोर राय और SSP कुमार गौतम भारी पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। पुलिस अधिकारियों ने शोरूम का निरीक्षण किया और कर्मचारियों से घटना के संबंध में जानकारी जुटाई।
पुलिस अब शोरूम और आसपास के इलाकों में लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगाल रही है। इसके अलावा बदमाशों के भागने के रास्ते और उनकी पहचान का पता लगाने की कोशिश की जा रही है।
दिनदहाड़े वारदात से सुरक्षा व्यवस्था पर उठे सवाल
शहर के व्यस्त इलाके में हथियारबंद बदमाशों द्वारा इस तरह करोड़ों की लूट को अंजाम देना पुलिस की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर रहा है। फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी है और आरोपियों की तलाश की जा रही है। लूटे गए गहनों और नकदी की कुल कीमत को लेकर आधिकारिक जानकारी का इंतजार है।








