उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ शनिवार को बलरामपुर पहुंचे। यहां उन्होंने सुबह देवीपाटन मंदिर में आदिशक्ति मां पाटेश्वरी के दर्शन किए और विधि-विधान से पूजा-अर्चना की। मुख्यमंत्री ने मां के चरणों में माथा टेककर प्रदेशवासियों के सुख, शांति, अच्छे स्वास्थ्य और समृद्धि की कामना की। पूजा-अर्चना के बाद उन्होंने मां पाटेश्वरी की आरती उतारी।
दर्शन-पूजन के बाद मुख्यमंत्री ने मंदिर परिसर में मौजूद श्रद्धालुओं का अभिवादन स्वीकार किया। इस दौरान मंदिर परिसर में भक्तों की भीड़ के बीच मुख्यमंत्री का आत्मीय अंदाज भी देखने को मिला। उन्होंने वहां मौजूद लोगों से मुलाकात की और उनका हालचाल जाना।
बच्चों से मिले मुख्यमंत्री योगी, चॉकलेट देकर बढ़ाया उत्साह
देवीपाटन मंदिर परिसर में मौजूद बच्चे मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को अपने बीच देखकर काफी उत्साहित नजर आए। बच्चे उनसे मिलने के लिए आगे पहुंचे तो मुख्यमंत्री ने भी उनके साथ बातचीत की। उन्होंने बच्चों को चॉकलेट दी और उनका उत्साह बढ़ाया।
मुख्यमंत्री का बच्चों के प्रति यह स्नेहिल व्यवहार वहां मौजूद लोगों के बीच चर्चा का विषय बन गया। बच्चों से बातचीत करते हुए योगी आदित्यनाथ का सहज और आत्मीय अंदाज देखने को मिला।
गौरतलब है कि देवीपाटन मंदिर उत्तर प्रदेश के बलरामपुर जिले में स्थित प्रमुख धार्मिक स्थलों में शामिल है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का यहां पहुंचकर मां पाटेश्वरी के दर्शन-पूजन करना और प्रदेश की सुख-समृद्धि की कामना करना इस धार्मिक यात्रा का प्रमुख हिस्सा रहा।








