महिला आरक्षण पर मोदी सरकार का बड़ा कदम, नारी शक्ति से किया वादा पूरा करने का संकल्प

SHARE:

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शनिवार को महिला आरक्षण को लेकर केंद्र सरकार की प्रतिबद्धता दोहराई। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (एनडीए) सरकार देश की महिलाओं को आरक्षण देने के अपने वादे को पूरा करने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। सरकार का लक्ष्य महिलाओं को संसद और विधानसभाओं में पर्याप्त प्रतिनिधित्व देना है। प्रधानमंत्री का यह बयान ऐसे समय में आया है, जब केंद्र सरकार महिला आरक्षण को जल्द लागू करने की दिशा में नए सिरे से प्रयास कर रही है।

दरअसल, संसद का विशेष सत्र 30 नवंबर से शुरू होने जा रहा है। इस सत्र में केंद्र सरकार परिसीमन से जुड़े संविधान संशोधन विधेयक और महिला आरक्षण से संबंधित प्रावधानों को आगे बढ़ाने की तैयारी में है। इससे पहले शुक्रवार को केंद्रीय मंत्रिमंडल ने परिसीमन और महिला आरक्षण से जुड़े विधेयक के प्रस्तावों को मंजूरी दे दी है। सरकार की कोशिश है कि महिलाओं को लोकसभा और राज्य विधानसभाओं में 33 प्रतिशत आरक्षण का लाभ 2029 के लोकसभा चुनाव से मिल सके।

क्या है सरकार की तैयारी?

महिला आरक्षण से जुड़े नारी शक्ति वंदन अधिनियम को संसद ने वर्ष 2023 में मंजूरी दी थी। इसके तहत लोकसभा और राज्य विधानसभाओं में महिलाओं के लिए 33 प्रतिशत सीटें आरक्षित करने का प्रावधान है। हालांकि, इस कानून का क्रियान्वयन जनगणना और परिसीमन की प्रक्रिया से जुड़ा हुआ है। अब केंद्र सरकार इसमें बदलाव कर आरक्षण को 2029 के लोकसभा चुनाव से लागू करने की दिशा में आगे बढ़ रही है।

प्रस्तावित संवैधानिक संशोधन में लोकसभा की अधिकतम सीटों की संख्या बढ़ाकर 850 करने और राज्य विधानसभाओं की अधिकतम सदस्य संख्या बढ़ाकर 650 करने का प्रावधान भी शामिल है। प्रस्ताव के मुताबिक, परिसीमन के बाद लोकसभा और विधानसभाओं में मौजूदा सीटों की संख्या में 50 प्रतिशत तक वृद्धि की जा सकती है।

संसद के विशेष सत्र पर टिकी निगाहें

संसद का विशेष सत्र 30 नवंबर से 3 दिसंबर तक प्रस्तावित है। लोकसभा की बैठक 30 नवंबर और 1 दिसंबर को होगी, जबकि राज्यसभा की बैठक 2 और 3 दिसंबर को निर्धारित है। इस दौरान महिला आरक्षण और परिसीमन से जुड़े विधेयकों पर चर्चा होने की संभावना है।

गौरतलब है कि इससे पहले अप्रैल 2026 में सरकार का संविधान संशोधन विधेयक लोकसभा में आवश्यक दो-तिहाई बहुमत हासिल नहीं कर सका था। ऐसे में अब सरकार दोबारा इन विधेयकों को आगे बढ़ाने की तैयारी में है। दूसरी ओर, परिसीमन की प्रक्रिया और उसके प्रभाव को लेकर विपक्षी दलों की ओर से सवाल उठाए जा रहे हैं। ऐसे में संसद के आगामी विशेष सत्र में महिला आरक्षण और परिसीमन का मुद्दा प्रमुख राजनीतिक चर्चा का विषय रह सकता है।

Kinni Times
Author: Kinni Times

सबसे ज्यादा पड़ गई