कार्तिगई दीपम विवाद के बीच सिकंदर बदूशा दरगाह पर उमड़ी भीड़, केरल से भी पहुंचे जायरीन

SHARE:

तमिलनाडु के मदुरै स्थित तिरुपरनकुंद्रम पहाड़ी पर कार्तिगई दीपम को लेकर जारी विवाद के बीच हजरत सुल्तान सिकंदर बदूशा औलिया दरगाह में शनिवार सुबह बड़ी संख्या में जायरीन पहुंचे। दरगाह में इबादत करने के लिए 100 से अधिक लोग पहुंचे, जिनमें महिलाएं, पुरुष और युवा शामिल थे। खास बात यह रही कि केरल समेत दूसरे राज्यों से भी लोग यहां पहुंचे।

सुबह 6:15 बजे से शुरू हुई जांच

दरगाह जाने वाले रास्ते पर पुलिस ने सुबह करीब 6:15 बजे से सुरक्षा जांच शुरू कर दी। जायरीनों को कतारों में खड़ा कर उनकी व्यक्तिगत जानकारी दर्ज की गई और पहचान सत्यापित करने के बाद ही पहाड़ी पर जाने की अनुमति दी गई। पुलिस लगातार लोगों की आवाजाही पर नजर रख रही है।

सुप्रीम कोर्ट के आदेश के बाद CRPF तैनात

कार्तिगई दीपम विवाद को देखते हुए तिरुपरनकुंद्रम पहाड़ी पर सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है। सुप्रीम कोर्ट के निर्देश के बाद दीपथून पत्थर के स्तंभ पर पारंपरिक दीपक जलाने की व्यवस्था की गई है। सुरक्षा की जिम्मेदारी केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (CRPF) को सौंपी गई है। इलाके में CRPF की एक कंपनी तैनात की गई है।

क्या है पूरा विवाद?

दरअसल, तिरुपरनकुंद्रम पहाड़ी पर स्थित दीपथून पत्थर के स्तंभ पर कार्तिगई दीपम का पारंपरिक दीपक जलाने को लेकर विवाद चल रहा है। सुप्रीम कोर्ट ने 28 नवंबर को दीपथून पर दीपक जलाने का निर्देश दिया था। अदालत ने श्रद्धालुओं को आयोजन में शामिल होने की अनुमति देने के साथ ही कार्यक्रम को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए CRPF की तैनाती का आदेश भी दिया।

सुप्रीम कोर्ट के फैसले के बाद श्रद्धालुओं में खुशी का माहौल है। अब सभी की नजरें इस बात पर टिकी हैं कि कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच धार्मिक आयोजन किस तरह संपन्न होता है।

 

Kinni Times
Author: Kinni Times

सबसे ज्यादा पड़ गई