समाजवादी पार्टी के वरिष्ठ नेता आजम खान ने घोषणा पत्र जारी करने के मौके पर अपने संबोधन में कई अहम बातें कहीं। उन्होंने अपने राजनीतिक विरोधियों पर निशाना साधते हुए कहा कि कुछ लोगों का मकसद खुद जीतना नहीं, बल्कि दूसरों को हराना होता है। ऐसे लोग नहीं चाहते कि कोई दूसरा व्यक्ति आगे बढ़े और जीत हासिल करे।
आजम खान ने कहा कि कुछ लोगों की सोच ही दूसरों की हार सुनिश्चित करने तक सीमित रहती है। ऐसे लोग न इस दुनिया के लिए फायदेमंद होते हैं और न ही दूसरी दुनिया के लिए। उन्होंने कहा कि ऐसे लोग हम सभी के गुनहगार हैं।
आजम खान ने अखिलेश यादव को कहा शुक्रिया
अपने संबोधन के दौरान आजम खान ने समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव का आभार जताया। उन्होंने कहा, “सलाम, एक आधा जिंदा आदमी आपके सामने खड़ा है।” इसके बाद उन्होंने अखिलेश यादव को शुक्रिया कहा और अपनी बात रखने का मौका देने के लिए आभार जताया।
आजम खान ने अपने संबोधन में यह भी कहा कि अगर उनसे कोई गलती हो जाए तो उन्हें माफ किया जाए। उन्होंने बताया कि पांच साल की कैद ने उनके दिल और दिमाग पर काफी असर डाला है। उनके मुताबिक, जिस तरह की घृणा और परिस्थितियों का उन्हें सामना करना पड़ा, उससे कोई आम इंसान शायद अब तक टूट चुका होता।
बोले- हम सख्त जान हैं, कुछ करके ही मरेंगे
आजम खान ने अपनी मुश्किलों का जिक्र करते हुए कहा कि जिस तरह की नफरत का सामना उन्होंने किया है, उसके बाद किसी आम इंसान का जिंदा रहना मुश्किल होता। हालांकि, उन्होंने खुद को सख्त जान बताते हुए कहा कि वह कुछ करके ही मरेंगे।
उनके इस बयान को उनके संघर्ष और बीते पांच सालों के अनुभवों से जोड़कर देखा जा रहा है। घोषणा पत्र जारी करने के मौके पर दिया गया उनका यह संबोधन राजनीतिक गलियारों में चर्चा का विषय बन गया है।








