तमिलनाडु में कार्तिगई दीपम को लेकर विवाद लगातार गहराता जा रहा है। मदुरै की तिरुप्परनकुंद्रम पहाड़ी पर सुप्रीम कोर्ट के निर्देश के बावजूद निर्धारित स्थान पर दीपक नहीं जलाए जाने से राज्य की राजनीति में हलचल मच गई है। इस मामले में अब तमिलनाडु के राज्यपाल राजेंद्र विश्वनाथ अर्लेकर ने मुख्यमंत्री विजय के नेतृत्व वाली सरकार से जवाब मांगा है।
दरअसल, सुप्रीम कोर्ट ने 20 नवंबर 2026 को पहाड़ी की चोटी पर स्थित पत्थर के स्तंभ पर कार्तिगई दीपम जलाने का निर्देश दिया था। हालांकि, मंगलवार को निर्धारित स्थान पर दीपक नहीं जलाया गया। प्रशासन की ओर से पारंपरिक दीप मंडपम में ही दीप प्रज्वलित किया गया। इस घटनाक्रम के बाद हिंदू संगठनों और विपक्षी दलों ने सरकार पर सवाल उठाने शुरू कर दिए हैं।
राज्यपाल ने सरकार को भेजा पत्र
आधिकारिक सूत्रों के मुताबिक, राज्यपाल राजेंद्र विश्वनाथ अर्लेकर ने राज्य सरकार को पत्र लिखकर सुप्रीम कोर्ट के निर्देश का पालन नहीं होने पर स्पष्टीकरण मांगा है। उन्होंने इस मामले में प्रशासन की भूमिका और मौके पर पुलिस को दिए गए विशेष निर्देशों की जानकारी भी मांगी है।
इस बीच तमिलनाडु बीजेपी अध्यक्ष नैनार नागेंद्रन ने भी राज्यपाल से मुलाकात कर पूरे मामले में शिकायत दर्ज कराई है। बीजेपी इस मुद्दे पर मुख्यमंत्री विजय की सरकार को लगातार घेर रही है।
हिंदू संगठन ने दाखिल की अवमानना याचिका
सुप्रीम कोर्ट के आदेश के बावजूद निर्धारित स्थान पर दीपक नहीं जलाए जाने को लेकर हिंदू धर्म परिषद ने अधिकारियों के खिलाफ अवमानना याचिका दाखिल की है। याचिका में आरोप लगाया गया है कि 20 नवंबर को दिए गए सुप्रीम कोर्ट के निर्देशों का पालन नहीं किया गया।
इस मामले में हिंदू धार्मिक एवं धर्मार्थ बंदोबस्ती विभाग के कमिश्नर डॉ. टी.जी. विनय, मदुरै के जिला कलेक्टर निशांत कृष्णा और पुलिस कमिश्नर एस. राजेंद्रन को पक्षकार बनाया गया है।
मदुरै प्रशासन ने सुप्रीम कोर्ट में जताया खेद
दूसरी तरफ मदुरै के जिला प्रशासन ने सुप्रीम कोर्ट में पेश अपनी स्टेटस रिपोर्ट में कहा कि दीप प्रज्वलन के लिए जरूरी तैयारियां और सुरक्षा व्यवस्था की गई थीं। प्रशासन के मुताबिक, मंदिर ट्रस्ट को पहाड़ी पर जाने वाले लोगों की सूची उपलब्ध करानी थी, लेकिन यह सूची नहीं मिलने के कारण आदेश के अनुसार दीपक नहीं जलाया जा सका।
प्रशासन ने अदालत में इस बात पर खेद भी जताया कि सुप्रीम कोर्ट के निर्देश का पालन नहीं हो पाया। साथ ही बताया कि हर साल की तरह इस बार भी गणेश मंदिर के पास पारंपरिक स्थान पर दीपक जलाया गया।
धार्मिक परंपरा और प्रशासनिक फैसले पर विवाद
प्रशासन ने अपनी रिपोर्ट में मंदिर ट्रस्ट के उस प्रस्ताव का भी उल्लेख किया, जिसमें दीपत्थून पर दीपक जलाने को आगम शास्त्रों और वैदिक परंपराओं के विरुद्ध बताया गया था। प्रशासन ने इसी प्रस्ताव और स्थानीय परिस्थितियों को ध्यान में रखते हुए निर्धारित स्तंभ पर दीप प्रज्वलन की अनुमति नहीं दी।
अब इस पूरे मामले में राज्यपाल की ओर से जवाब मांगे जाने और अवमानना याचिका दाखिल होने के बाद तमिलनाडु की राजनीति में विवाद और तेज होने की संभावना है।








