दिल्ली में मौसम बदलने के साथ ठंड का असर बढ़ने लगा है। सुबह और शाम के समय तापमान में गिरावट महसूस की जा रही है। वहीं, दूसरी ओर राजधानी में वायु प्रदूषण की समस्या भी लगातार बनी हुई है। बुधवार सुबह दिल्ली की हवा की गुणवत्ता खराब श्रेणी में दर्ज की गई। शहर का औसत वायु गुणवत्ता सूचकांक (AQI) सुबह 6 बजे तक 228 रहा। यह स्तर खराब श्रेणी में आता है।
दिल्ली के कई इलाकों में प्रदूषण का स्तर और भी अधिक दर्ज किया गया। कुछ स्थानों पर एक्यूआई 300 के पार पहुंच गया, जो बेहद खराब श्रेणी में आता है। दिल्ली टेक्नोलॉजिकल यूनिवर्सिटी (DTU) में सबसे अधिक 331 एक्यूआई दर्ज किया गया। वहीं, आनंद विहार में वायु गुणवत्ता सूचकांक 327 रहा। नॉर्थ कैंपस में भी प्रदूषण का स्तर 314 दर्ज किया गया।
इसके अलावा इग्नू-मैदानगढ़ी और बुराड़ी क्रॉसिंग में एक्यूआई 304-304 दर्ज किया गया। इन इलाकों में हवा की गुणवत्ता बेहद खराब श्रेणी में बनी हुई है। वहीं, अशोक विहार में एक्यूआई 224 दर्ज किया गया, जो खराब श्रेणी में आता है।
राजधानी में ठंड बढ़ने के साथ प्रदूषण का स्तर भी चिंता का विषय बना हुआ है। खासतौर पर सुबह के समय कई इलाकों में हवा की गुणवत्ता खराब रहने से लोगों को सांस लेने में परेशानी हो सकती है। प्रदूषण के कारण बच्चों, बुजुर्गों और सांस संबंधी बीमारियों से जूझ रहे लोगों को विशेष सावधानी बरतने की जरूरत है।
वायु गुणवत्ता सूचकांक के मानकों के अनुसार, 0 से 50 तक एक्यूआई अच्छा, 51 से 100 संतोषजनक, 101 से 200 मध्यम, 201 से 300 खराब, 301 से 400 बेहद खराब और 401 से 500 गंभीर श्रेणी में आता है।
फिलहाल दिल्ली में औसत एक्यूआई 228 होने के बावजूद कई इलाकों में प्रदूषण का स्तर 300 के पार पहुंच गया है। ऐसे में ठंड के साथ राजधानी के लोगों को प्रदूषित हवा की दोहरी चुनौती का सामना करना पड़ रहा है।








