गाजियाबाद: दिल्ली-मेरठ एक्सप्रेसवे पर दर्दनाक हादसा, स्कॉर्पियो की टक्कर से दंपती और जवान बेटे की मौत; शादी वाले घर में पसरा मातम

SHARE:

गाजियाबाद। दिल्ली-मेरठ एक्सप्रेसवे (DME) पर सोमवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे में एक ही परिवार के तीन लोगों की जान चली गई। बागू के पास एचपी पेट्रोल पंप के सामने तेज रफ्तार स्कॉर्पियो ने पैदल एक्सप्रेसवे पार कर रहे दंपती और उनके जवान बेटे को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में तीनों की मौत हो गई। घटना के बाद आरोपी चालक वाहन मौके पर छोड़कर फरार हो गया।

स्कॉर्पियो की टक्कर से तीन लोगों की मौत

जानकारी के अनुसार, हादसा सोमवार सुबह करीब 10:30 बजे क्रॉसिंग रिपब्लिक थाना क्षेत्र में मेरठ से दिल्ली जाने वाली लेन पर हुआ। मृतकों की पहचान मथुरा के कोसीकलां क्षेत्र के गांव धेगांव निवासी हरलाल (55), उनकी पत्नी गुड्डो (50) और बेटे तेजवीर (21) के रूप में हुई है।

बताया जा रहा है कि तीनों बागू के पास दिल्ली-मेरठ एक्सप्रेसवे पैदल पार कर रहे थे। इसी दौरान तेज रफ्तार स्कॉर्पियो ने उन्हें टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि तीनों गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर पड़े।

बेटी की शादी में शामिल होने आए थे गाजियाबाद

परिजनों के मुताबिक, हरलाल अपनी पत्नी और बेटे के साथ तीन दिन पहले बागू में अपने रिश्तेदार नरेश कुमार के घर बेटी की शादी में शामिल होने आए थे। नरेश कुमार की बेटी प्रियंका की शादी 21 नवंबर को हुई थी।

सोमवार को तीनों को पलवल जाने के लिए ईएमयू ट्रेन पकड़नी थी। इसी सिलसिले में वे रेलवे स्टेशन जाने के लिए घर से निकले थे, लेकिन रास्ते में यह दर्दनाक हादसा हो गया।

अस्पताल पहुंचने पर डॉक्टरों ने किया मृत घोषित

हादसे के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई। स्थानीय लोगों की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और तीनों घायलों को अस्पताल पहुंचाया। हालांकि, चिकित्सकों ने जांच के बाद तीनों को मृत घोषित कर दिया।

स्कॉर्पियो छोड़कर फरार हुआ चालक

हादसे के बाद स्कॉर्पियो चालक वाहन को मौके पर छोड़कर फरार हो गया। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त स्कॉर्पियो को कब्जे में ले लिया है और फरार चालक की तलाश शुरू कर दी है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

शादी की खुशियां बदलीं मातम में

एक ही परिवार के तीन सदस्यों की मौत की खबर मिलते ही शादी वाले घर में चीख-पुकार मच गई। जिस घर में कुछ दिन पहले बेटी की शादी की खुशियां मनाई जा रही थीं, वहां अब मातम पसरा हुआ है। परिवार के सदस्यों का रो-रोकर बुरा हाल है।

इस दर्दनाक हादसे ने एक परिवार की खुशियां छीन लीं। अब पुलिस फरार स्कॉर्पियो चालक की तलाश में जुटी है।

Kinni Times
Author: Kinni Times

सबसे ज्यादा पड़ गई