उत्तर प्रदेश की राजनीति से जुड़ी बड़ी खबर सामने आई है। समाजवादी पार्टी के वरिष्ठ नेता आजम खान आखिरकार डासना जेल से बाहर आ गए हैं। गाजियाबाद की CJM कोर्ट में उनकी जमानत से जुड़ी सभी कानूनी औपचारिकताएं पूरी होने के बाद उनकी रिहाई का रास्ता साफ हुआ। जेल से बाहर आते ही उनके समर्थकों की भारी भीड़ देखने को मिली।
जानकारी के मुताबिक, आजम खान की जमानत के लिए 50-50 हजार रुपये के दो जमानती पेश किए गए। इसके अलावा 50 हजार रुपये का पर्सनल बॉन्ड भी भरा गया। शहनवाज और जुनैद की ओर से जमानत की रकम जमा कराई गई। दोनों जमानतियों के लिए 50-50 हजार रुपये की एफडी भी जमा की गई। सभी दस्तावेजी और कानूनी प्रक्रियाएं पूरी होने के बाद रिहाई का आदेश डासना जेल भेजा गया।
ईडी की गिरफ्तारी को लेकर सुप्रीम कोर्ट ने लगाई थी फटकार
दरअसल, आजम खान को 31 अक्टूबर को उस समय ईडी ने गिरफ्तार कर लिया था, जब वह दो पैन कार्ड से जुड़े मामले में जमानत मिलने के बाद जेल से बाहर आ रहे थे। यह गिरफ्तारी मौलाना मोहम्मद अली जौहर ट्रस्ट और जौहर यूनिवर्सिटी से जुड़े कथित मनी लॉन्ड्रिंग मामले में की गई थी।
आजम खान ने अपनी गिरफ्तारी को चुनौती देते हुए दलील दी थी कि जांच एजेंसी ने अनिवार्य कानूनी प्रक्रिया का पालन नहीं किया। इसके बाद सुप्रीम कोर्ट में उनकी अंतरिम जमानत को लेकर सुनवाई हुई। इस दौरान अदालत ने ईडी की दलीलों पर सवाल उठाते हुए कहा था कि उन्हें अंतरिम जमानत देने से आसमान नहीं टूट पड़ेगा।
फर्जी जन्म प्रमाणपत्र मामले में भी मिली राहत
इससे पहले आजम खान को फर्जी जन्म प्रमाणपत्र मामले में भी सुप्रीम कोर्ट से राहत मिली थी। अदालत ने उत्तर प्रदेश सरकार की याचिका खारिज कर दी थी। इसके साथ ही उनकी पत्नी तजीन फातिमा और बेटे अब्दुल्ला आजम खान की सजा पर भी रोक लगा दी गई थी।
क्या है फर्जी जन्म प्रमाणपत्र का मामला?
18 अक्टूबर 2023 को रामपुर की MP-MLA अदालत ने आजम खान, उनकी पत्नी तजीन फातिमा और बेटे अब्दुल्ला आजम को धोखाधड़ी, जालसाजी और आपराधिक साजिश के मामले में दोषी ठहराया था। अदालत ने तीनों को सात-सात साल की सजा सुनाई थी। इस फैसले के बाद आजम खान और उनका परिवार कानूनी लड़ाई लड़ रहा है।
फिलहाल, अंतरिम जमानत मिलने और कानूनी प्रक्रिया पूरी होने के बाद आजम खान की डासना जेल से रिहाई हो चुकी है।








