समाजवादी पार्टी के वरिष्ठ नेता आजम खान को बड़ी राहत मिली है। गाजियाबाद की CJM कोर्ट में बुधवार को उनकी जमानत की प्रक्रिया पूरी कर ली गई। जमानत के लिए 50-50 हजार रुपये के दो जमानती पेश किए गए हैं। इसके साथ ही 50 हजार रुपये का पर्सनल बॉन्ड भी भरा गया है।
जानकारी के मुताबिक, शहनवाज और जुनैद ने जमानत दी है। दोनों जमानतदारों की ओर से 50-50 हजार रुपये की एफडी जमा कराई गई हैं। आजम खान के वकीलों ने सभी जरूरी कानूनी औपचारिकताएं पूरी कर दी हैं। इसके बाद सीजेएम कोर्ट से रिहाई का परवाना डासना जेल भेजा गया। रिहाई का आदेश जेल पहुंचने के बाद आजम खान के बुधवार शाम तक जेल से बाहर आने की संभावना है।
ईडी की गिरफ्तारी और सुप्रीम कोर्ट की फटकार
दरअसल, ईडी ने 31 अक्टूबर को आजम खान को उस समय गिरफ्तार कर लिया था, जब वह दो पैन कार्ड मामले में जमानत मिलने के बाद जेल से बाहर आ रहे थे। यह गिरफ्तारी मौलाना मोहम्मद अली जौहर ट्रस्ट और जौहर यूनिवर्सिटी से जुड़े कथित मनी लॉन्ड्रिंग मामले में की गई थी।
आजम खान ने अपनी गिरफ्तारी को चुनौती देते हुए दलील दी थी कि ईडी ने अनिवार्य कानूनी प्रक्रिया का पालन नहीं किया। इसके बाद सुप्रीम कोर्ट ने उनकी अंतरिम जमानत याचिका पर सुनवाई के दौरान ईडी को फटकार लगाई थी। कोर्ट ने टिप्पणी करते हुए कहा था कि आसमान नहीं टूट पड़ेगा, उन्हें अंतरिम जमानत पर रहने दें।
फर्जी जन्म प्रमाणपत्र मामले में भी मिली राहत
इससे पहले आजम खान को फर्जी जन्म प्रमाणपत्र मामले में भी सुप्रीम कोर्ट से राहत मिली थी। शीर्ष अदालत ने उत्तर प्रदेश सरकार की याचिका खारिज कर दी थी। साथ ही उनकी पत्नी तजीन फातिमा और बेटे अब्दुल्ला आजम खान की सजा पर भी रोक लगा दी थी।
क्या था पूरा मामला?
18 अक्टूबर 2023 को रामपुर की MP-MLA अदालत ने आजम खान, उनकी पत्नी तजीन फातिमा और बेटे अब्दुल्ला आजम को धोखाधड़ी, जालसाजी और आपराधिक साजिश का दोषी ठहराया था। अदालत ने तीनों को सात-सात साल की जेल की सजा सुनाई थी।
अब जमानत की प्रक्रिया पूरी होने और रिहाई का आदेश डासना जेल पहुंचने के बाद आजम खान की रिहाई का रास्ता साफ हो गया है।








