महाराष्ट्र के छत्रपति संभाजीनगर जिले से एक बेहद दर्दनाक मामला सामने आया है। यहां एक पिता पर अपने ही दो मासूम बेटों को नहर में फेंकने का आरोप लगा है। बताया जा रहा है कि आरोपी बच्चों को चॉकलेट और वड़ा पाव खिलाने का बहाना बनाकर घर से ले गया था। घटना के बाद से दोनों बच्चे लापता हैं और उनकी तलाश के लिए सर्च ऑपरेशन चलाया जा रहा है।
स्कूटी पर बैठाकर बच्चों को ले गया था पिता
यह मामला पैठण तालुका के नांदर गांव का है। आरोपी की पहचान 40 वर्षीय सोमनाथ दामोदर रोडगे के रूप में हुई है। उसके बेटों के नाम श्याम (5) और आर्यन (7) बताए गए हैं।
जानकारी के मुताबिक, 16 नवंबर की शाम करीब 7 बजे आरोपी दोनों बच्चों को घुमाने और चॉकलेट-वड़ा पाव खिलाने का लालच देकर स्कूटी पर अपने साथ ले गया। आरोप है कि इसके बाद वह उन्हें जायकवाड़ी परियोजना की बाईं नहर के पास ले पहुंचा और दोनों को पानी में धकेल दिया।
बच्चों को बचाने पहुंचे लोगों से भी की बहस
घटना के समय आसपास मौजूद कुछ किसानों और स्थानीय लोगों ने आरोपी को रोकने की कोशिश की। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, जब लोगों ने बच्चों को नहर में फेंकने का विरोध किया तो आरोपी ने उनके साथ गाली-गलौज की और पत्थर फेंककर उन्हें रोकने का प्रयास किया।
पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लिया
स्थानीय लोगों की सूचना मिलने पर पाचोड़ पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपी सोमनाथ रोडगे को हिरासत में ले लिया। पाचोड़ पुलिस के सहायक पुलिस निरीक्षक सचिन पंडित के अनुसार, पूछताछ के दौरान आरोपी ने दोनों बच्चों को नहर में फेंकने की बात स्वीकार की है।
दोनों बच्चों की तलाश जारी
घटना के बाद पुलिस, अग्निशमन विभाग और स्थानीय लोग मिलकर नहर में बच्चों की तलाश कर रहे हैं। नहर में पानी का तेज बहाव और लंबा जलमार्ग होने के कारण बचाव अभियान में काफी कठिनाइयां आ रही हैं। 18 नवंबर की सुबह तक दोनों बच्चों का कोई पता नहीं चल पाया था।
फिलहाल पुलिस इस बात की जांच कर रही है कि आरोपी पिता ने अपने ही बच्चों के साथ ऐसा कदम क्यों उठाया। घटना की वजह अभी स्पष्ट नहीं हो पाई है। इस वारदात से पूरे इलाके में शोक और आक्रोश का माहौल है।








