नई दिल्ली: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गुरुवार को दिल्ली स्थित बीजेपी मुख्यालय में आयोजित दिवाली मिलन समारोह को संबोधित करते हुए विकसित भारत के लक्ष्य को लेकर अहम बात कही। उन्होंने कहा कि भारत को विकसित राष्ट्र बनाने के लिए साल 2047 तक इंतजार करने की जरूरत नहीं है। यह लक्ष्य हासिल करना असंभव नहीं है, बल्कि देश छोटे-बड़े पड़ाव पार करते हुए इस दिशा में आगे बढ़ सकता है।
पीएम मोदी ने अपने संबोधन में मीडिया और तकनीक में आए बदलावों का भी जिक्र किया। उन्होंने बताया कि 90 के दशक में प्रेस रिलीज भेजने के लिए फैक्स मशीन की तलाश करनी पड़ती थी, जबकि आज सोशल मीडिया और डिजिटल प्लेटफॉर्म ने संवाद का तरीका पूरी तरह बदल दिया है। उन्होंने अपने राजनीतिक सफर के दौरान मीडिया के बदलते स्वरूप को करीब से देखने का अनुभव भी साझा किया।
गुजरात का मुख्यमंत्री बनाए जाने की खबर का सुनाया किस्सा
प्रधानमंत्री ने अपने पुराने दिनों को याद करते हुए बताया कि एक समय वह दिल्ली में 11 अशोक रोड स्थित एक कमरे में रहते थे। उस दौरान अचानक कुछ पत्रकार उनके कमरे में पहुंच गए और उनसे मिठाई खिलाने की मांग करने लगे। जब उन्होंने इसकी वजह पूछी, तो पत्रकारों ने कहा कि उन्हें गुजरात का मुख्यमंत्री बनाया जा रहा है। मोदी ने बताया कि उस समय यह जानकारी पार्टी के बहुत कम लोगों को थी, लेकिन पत्रकारों को इसकी खबर पहले ही मिल गई थी और बाद में यह बात सही साबित हुई।
25 साल में बदल गई देश और राजनीति की तस्वीर
पीएम मोदी ने कहा कि पिछले 25 वर्षों में देश, दुनिया और राजनीति के काम करने के तरीकों में काफी बदलाव आया है। तकनीक ने मीडिया की भूमिका और कामकाज को भी नया स्वरूप दिया है। पारंपरिक मीडिया के सामने जहां कुछ चुनौतियां कम हुई हैं, वहीं डिजिटल मीडिया के कारण नई चुनौतियां भी सामने आई हैं।
भारत की उपलब्धियों का किया जिक्र
विकसित भारत के लक्ष्य पर बात करते हुए प्रधानमंत्री ने कहा कि बीते वर्षों में भारत ने कई ऐसी उपलब्धियां हासिल की हैं, जिनकी पहले कल्पना करना भी मुश्किल माना जाता था। उन्होंने चंद्रयान मिशन के जरिए चंद्रमा के दक्षिणी ध्रुवीय क्षेत्र के पास सफल लैंडिंग, मोबाइल निर्माण के क्षेत्र में भारत की प्रगति, चिनाब नदी पर बने विश्व के सबसे ऊंचे रेलवे आर्च ब्रिज और सौर ऊर्जा उत्पादन क्षमता में हुई बढ़ोतरी का उल्लेख किया।
उन्होंने यह भी कहा कि भारत ने स्टार्टअप के क्षेत्र में अपनी मजबूत पहचान बनाई है और दुनिया के प्रमुख स्टार्टअप इकोसिस्टम वाले देशों में शामिल हुआ है।
छोटे लक्ष्य पूरे करके हासिल होगा बड़ा मुकाम
प्रधानमंत्री ने कहा कि साल 2047 को विकसित भारत के लक्ष्य की समय-सीमा मानने का अर्थ यह नहीं है कि देश को तब तक इंतजार करना चाहिए। उन्होंने स्वतंत्रता आंदोलन का उदाहरण देते हुए कहा कि आजादी का लक्ष्य भी एक दिन में पूरा नहीं हुआ था। इसके लिए लगातार छोटे-छोटे लक्ष्य तय किए गए और उन्हें हासिल करते हुए देश ने मंजिल पाई।
पीएम मोदी के मुताबिक, विकसित भारत का सपना भी इसी तरह सामूहिक प्रयास, लगातार प्रगति और देशवासियों के विश्वास से पूरा किया जा सकता है।








