लॉरेंस बिश्नोई गैंग को बड़ा झटका! अमेरिका में गिरफ्तार हुआ करीबी हैरी बॉक्सर, रोहित शेट्टी के घर फायरिंग से जुड़ा था नाम

SHARE:

 

 

अमेरिका से लॉरेंस बिश्नोई गैंग को लेकर बड़ी खबर सामने आई है। गैंगस्टर लॉरेंस बिश्नोई के करीबी और हरियाणा के मोस्ट वांटेड अपराधियों में शामिल हैरी बॉक्सर को अमेरिकी एजेंसियों ने गिरफ्तार कर लिया है। हरियाणा एसटीएफ के मुताबिक, हैरी बॉक्सर को पहले अमेरिका में हिरासत में लिया गया और बाद में गिरफ्तार किया गया। आरोप है कि वह अमेरिका में बैठकर लॉरेंस बिश्नोई गैंग की आपराधिक गतिविधियों और रंगदारी नेटवर्क को संचालित कर रहा था।

 

रोहित शेट्टी के घर के बाहर फायरिंग की ली थी जिम्मेदारी

 

हैरी बॉक्सर का नाम बॉलीवुड निर्देशक रोहित शेट्टी के घर के बाहर हुई फायरिंग की घटना के बाद चर्चा में आया था। रिपोर्ट के मुताबिक, उसने सोशल मीडिया पोस्ट और ऑडियो संदेश के जरिए इस फायरिंग की जिम्मेदारी ली थी। इसके अलावा बॉलीवुड से जुड़े कई लोगों को धमकी देने के मामले में भी उसका नाम सामने आया था। इनमें रणवीर सिंह और तुषार कपूर जैसे नाम शामिल हैं।

 

कौन है हैरी बॉक्सर?

 

हैरी बॉक्सर का असली नाम हरिचंद जाट बताया जाता है। वह मूल रूप से राजस्थान के कोटपूतली-बहरोड़ जिले के बामसूर इलाके का रहने वाला है। बताया जाता है कि जयपुर में रहने के दौरान उसने बॉक्सिंग सीखी थी, जिसके चलते उसे बॉक्सर नाम मिला। शुरुआती दिनों में उसने प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी की और बॉक्सिंग कोच के रूप में भी काम किया, लेकिन बाद में उसका नाम आपराधिक गतिविधियों से जुड़ गया।

 

कई राज्यों में दर्ज हैं आपराधिक मामले

 

हैरी बॉक्सर के खिलाफ हत्या, हत्या की कोशिश, फायरिंग, मारपीट, धमकी और कारोबारियों से रंगदारी मांगने जैसे कई मामले दर्ज बताए जाते हैं। दिल्ली, राजस्थान, पंजाब और हरियाणा में भी उसका नाम अलग-अलग आपराधिक मामलों में सामने आया है। कनाडा में कॉमेडियन कपिल शर्मा के कैफे पर हुई फायरिंग के मामले में भी उसका नाम जुड़ा था।

 

जल्द भारत लाने की हो सकती है तैयारी

 

मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल और हरियाणा एसटीएफ से मिले इनपुट के आधार पर अमेरिकी एजेंसियों ने कैलिफोर्निया में उसके खिलाफ कार्रवाई की। अब भारतीय एजेंसियां उसे भारत लाने के लिए कानूनी प्रक्रिया पूरी करने की तैयारी में हैं। इस प्रक्रिया में नोडल एजेंसी सीबीआई की मदद ली जा सकती है।

 

हैरी बॉक्सर की गिरफ्तारी को जांच एजेंसियों के लिए अहम माना जा रहा है। उससे पूछताछ में लॉरेंस बिश्नोई गैंग के विदेश में फैले नेटवर्क, रंगदारी और भारत में हुई आपराधिक घटनाओं से जुड़े कई अहम सुराग मिलने की उम्मीद है। हालांकि, इन मामलों में उसकी भूमिका और अन्य आरोपों की पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी।

Kinni Times
Author: Kinni Times

सबसे ज्यादा पड़ गई