राजधानी दिल्ली में आज रामलीला मैदान में आयोजित होने वाली विपक्षी दलों की बड़ी रैली को देखते हुए मध्य दिल्ली के कई हिस्सों में यातायात व्यवस्था प्रभावित रहने की संभावना है। रैली में बड़ी संख्या में लोगों के पहुंचने के कारण आसपास की सड़कों पर वाहनों का दबाव बढ़ सकता है। ऐसे में मध्य दिल्ली के प्रमुख मार्गों पर जाम की स्थिति बन सकती है।
रैली को ध्यान में रखते हुए दिल्ली पुलिस ने यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने के लिए विशेष इंतजाम किए हैं। रामलीला मैदान और उसके आसपास के इलाकों में वाहनों की आवाजाही पर नियंत्रण रखा जा सकता है। जरूरत के अनुसार कुछ मार्गों पर यातायात को डायवर्ट भी किया जा सकता है, ताकि रैली में शामिल होने वाले लोगों और आम यात्रियों की आवाजाही व्यवस्थित बनी रहे।
दिल्ली ट्रैफिक पुलिस की एडवाइजरी के अनुसार, सुबह 10 बजे से शाम 5 बजे तक यातायात नियंत्रित किया जाएगा। इस दौरान बहादुर शाह जफर मार्ग, जवाहरलाल नेहरू मार्ग, अरुणा आसफ अली रोड, मिंटो रोड, बाराखंभा रोड, देशबंधु गुप्ता रोड और चेम्सफोर्ड रोड पर वाहनों की आवाजाही प्रभावित हो सकती
यातायात को नियंत्रित करने के लिए आईटीओ, दिल्ली गेट, राजघाट, अजमेरी गेट, तुर्कमान गेट, झंडेवालान और मिरदर्द चौक समेत 10 स्थानों पर डायवर्जन की व्यवस्था की गई है। ट्रैफिक की स्थिति के अनुसार वाहनों को दूसरे रास्तों से भेजा जाएगा। रैली के दौरान कुछ मार्गों पर डीटीसी बसों की आवाजाही भी नियंत्रित की जा सकती है।
नई दिल्ली रेलवे स्टेशन जाने वाले यात्रियों को भी विशेष सावधानी बरतने की सलाह दी गई है। देशबंधु गुप्ता रोड की ओर से आने वाले यात्री चेम्सफोर्ड रोड, कनॉट प्लेस के आउटर सर्कल, मिंटो रोड और भवभूति मार्ग का इस्तेमाल कर सकते हैं। वहीं, पूर्वी दिल्ली से आने वाले यात्री आईटीओ, दीनदयाल उपाध्याय मार्ग और भवभूति मार्ग से स्टेशन पहुंच सकते हैं।
दिल्ली ट्रैफिक पुलिस ने लोगों से अपील की है कि वे प्रभावित सड़कों पर जाने से बचें, यात्रा के लिए अतिरिक्त समय रखें और संभव हो तो मेट्रो का इस्तेमाल करें। सड़कों पर गलत पार्किंग न करें, ताकि एंबुलेंस और अन्य आपातकालीन वाहनों की आवाजाही में बाधा न आए।







