सऊदी अरब में हूती विद्रोहियों के हमलों के बीच भारतीय नागरिकों की सुरक्षा को लेकर भारतीय दूतावास ने नई एडवाइजरी जारी की है। लगातार हो रहे हमलों और हवाई सेवाओं में बाधा के कारण वहां रह रहे भारतीयों के साथ-साथ उमरा के लिए सऊदी अरब जाने की तैयारी कर रहे यात्रियों को भी सतर्क रहने की सलाह दी गई है। भारतीय राजदूत विपुल ने भारतीय समुदाय के लिए वीडियो संदेश जारी कर लोगों से घबराने के बजाय शांत रहने, स्थानीय प्रशासन के निर्देशों का पालन करने और आधिकारिक माध्यमों से मिलने वाली जानकारी पर भरोसा करने की अपील की है।
हवाई हमले के दौरान घर के अंदर रहने की सलाह
राजदूत विपुल ने कहा कि मौजूदा हालात में भारतीय नागरिकों को सतर्क रहना चाहिए। यदि हवाई हमला होता है, तो बाहर रहने के बजाय घर या किसी सुरक्षित स्थान के अंदर रहें और सऊदी अरब के स्थानीय अधिकारियों की ओर से जारी निर्देशों का पालन करें। दूतावास ने यह भी स्पष्ट किया है कि मिसाइल और ड्रोन को रोकने की कार्रवाई या उनके गिरने वाले स्थानों से संबंधित तस्वीरें और वीडियो बनाना, प्रकाशित करना या सोशल मीडिया पर साझा करना स्थानीय कानूनों के तहत कानूनी परेशानी का कारण बन सकता है। इसलिए भारतीय नागरिकों को ऐसी सामग्री साझा करने से बचने की सलाह दी गई है।
रियाद एयरपोर्ट पर हमले में एक भारतीय की मौत
सऊदी अरब में सुरक्षा संबंधी चिंताएं 10 अक्टूबर को रियाद के किंग खालिद इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर हुए हमले के बाद और बढ़ गईं। इस घटना में एक भारतीय नागरिक की मौत हो गई, जबकि 11 अन्य भारतीय घायल हुए। राजदूत विपुल ने बताया कि भारतीय दूतावास प्रभावित परिवारों और अस्पताल प्रशासन के संपर्क में है। घायलों को जरूरी सहायता उपलब्ध कराने के लिए संबंधित अधिकारियों के साथ समन्वय किया जा रहा है। दूतावास ने मृतक के परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त करते हुए घायलों के जल्द स्वस्थ होने की कामना भी की है।








