राजधानी दिल्ली में MCD सफाई कर्मचारी दीपक की आत्महत्या के मामले को लेकर भाजपा ने आम आदमी पार्टी के पार्षद विजय कुमार के खिलाफ प्रदर्शन किया। रविवार को भाजपा कार्यकर्ताओं और नेताओं ने फिरोजशाह रोड स्थित आम आदमी पार्टी के कार्यालय के बाहर प्रदर्शन करते हुए पार्षद के खिलाफ कार्रवाई की मांग की।
मामले में पुलिस ने 14 सितंबर को कल्याणपुरी थाने में पार्षद विजय कुमार के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 108 के तहत आत्महत्या के लिए उकसाने का केस दर्ज किया है। मृतक दीपक की पत्नी ने आरोप लगाया है कि उनके पति को आर्थिक और मानसिक परेशानियों का सामना करना पड़ा। शिकायत में करीब 15 लाख रुपये के लोन और कई महीनों से वेतन नहीं मिलने से जुड़े आरोप भी लगाए गए हैं। विजय कुमार ने इन आरोपों से इनकार किया है और कहा है कि उन्हें गलत तरीके से फंसाया जा रहा है। मामले की पुलिस जांच जारी है।
भाजपा ने प्रदर्शन के दौरान पार्षद की गिरफ्तारी, उन्हें आम आदमी पार्टी से निष्कासित करने और पूरे मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की। इससे पहले शाहदरा साउथ वार्ड कमेटी में भी विजय कुमार के खिलाफ कार्रवाई और निष्कासन की मांग वाला प्रस्ताव लाया गया था।
प्रदर्शन में भाजपा सांसद योगेंद्र चंदोलिया, दिल्ली भाजपा उपाध्यक्ष राजेश भाटिया, सुनील यादव सहित पार्टी के अन्य नेता और कार्यकर्ता शामिल हुए। भाजपा नेताओं ने कहा कि मामले की जांच निष्पक्ष तरीके से होनी चाहिए और जांच में आरोप सही पाए जाने पर कानून के अनुसार कार्रवाई की जानी चाहिए।








