3 सितंबर 2026 को देश और दुनिया में कई बड़ी घटनाएं सुर्खियों में रहीं। उत्तर प्रदेश के मथुरा में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने विदेशी आक्रांताओं पर इतिहास मिटाने का आरोप लगाया। वहीं नेपाल में विनाशकारी बाढ़ से मौतों का आंकड़ा 1252 तक पहुंच गया है और 4875 लोग अब भी लापता बताए जा रहे हैं। दिल्ली से लेकर जम्मू-कश्मीर, पंजाब, बिहार और तमिलनाडु तक कई अहम खबरें सामने आईं। अंतरराष्ट्रीय स्तर पर ईरान-अमेरिका तनाव और कांगो में इबोला का प्रकोप भी चर्चा में रहा।
मथुरा में CM योगी का बड़ा बयान
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मथुरा में कहा कि विदेशी आक्रांताओं ने भारत के इतिहास और संस्कृति को मिटाने का काम किया। उन्होंने भारतीय विरासत और धार्मिक स्थलों के गौरव को फिर से स्थापित करने पर जोर दिया।
नेपाल बाढ़ में 1252 लोगों की मौत
नेपाल में बाढ़ और फ्लैश फ्लड से हालात बेहद गंभीर बने हुए हैं। अब तक 1252 लोगों की मौत की खबर है, जबकि 4875 लोग लापता बताए जा रहे हैं। राहत और बचाव अभियान लगातार जारी है। करीब 12 हजार लोगों को अब तक सुरक्षित बचाए जाने की जानकारी सामने आई है।
ईरान को लेकर ट्रंप की बड़ी चेतावनी
अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने ईरान को लेकर एक बार फिर सख्त रुख अपनाया है। उन्होंने कहा कि अमेरिका ईरान पर फिर से हमला करने के लिए तैयार है। वहीं अमेरिकी विदेश मंत्री मार्को रुबियो ने ईरान के साथ कारोबार करने वाले देशों पर प्रतिबंध लगाने की चेतावनी दी है।
दिल्ली में थार ने बाइक सवारों को कुचला
दिल्ली कैंट इलाके में थार की चपेट में आने से दो बाइक सवारों की मौत हो गई। हादसे के बाद इलाके में हड़कंप मच गया और पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
नरेला में प्रॉपर्टी डीलर की हत्या
दिल्ली के नरेला में जिम के बाहर एक प्रॉपर्टी डीलर की गोली मारकर हत्या कर दी गई। वारदात के बाद पुलिस ने जांच शुरू कर दी है और हमलावरों की तलाश की जा रही है।
बैंक फ्रॉड केस में ED की छापेमारी
290 करोड़ रुपये के कथित बैंक फ्रॉड केस में प्रवर्तन निदेशालय ने बड़ा एक्शन लिया। ED ने कोलकाता में 11 ठिकानों पर छापेमारी की।
सत्येंद्र जैन को दिल्ली जल बोर्ड केस में जमानत
दिल्ली जल बोर्ड से जुड़े मामले में आम आदमी पार्टी नेता और पूर्व मंत्री सत्येंद्र जैन को जमानत मिल गई है। मामले को लेकर कानूनी कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।
कौशांबी पटाखा फैक्ट्री हादसे में कार्रवाई
उत्तर प्रदेश के कौशांबी में पटाखा फैक्ट्री विस्फोट मामले में प्रशासन ने कार्रवाई करते हुए पांच लेखपाल और एक कानूनगो को निलंबित कर दिया है। हादसे के बाद जिम्मेदार अधिकारियों की भूमिका पर भी सवाल उठे थे।
जम्मू-कश्मीर में हथियारों का जखीरा बरामद
रियासी जिले के घने जंगल वाले इलाके में सुरक्षा बलों को हथियारों का जखीरा मिला है। सुरक्षाबलों ने बरामद हथियारों को कब्जे में लेकर इलाके में तलाशी अभियान तेज कर दिया है।
BSF ने पाकिस्तानी घुसपैठिए को पकड़ा
जम्मू के कनाचक सेक्टर में सीमा के पास BSF ने एक पाकिस्तानी घुसपैठिए को पकड़ा। उससे पूछताछ की जा रही है और सुरक्षा एजेंसियां उसके भारत में घुसने के मकसद का पता लगाने में जुटी हैं।
अयोध्या पहुंचे राम मंदिर ट्रस्ट के नए CEO
राम मंदिर ट्रस्ट के नवनियुक्त CEO एयर मार्शल जितेंद्र मिश्र रिटायर्ड अयोध्या पहुंचे। राम जन्मभूमि क्षेत्र कार्यालय में हुई बैठक में नए CEO समेत ट्रस्ट के अन्य पदाधिकारी मौजूद रहे।
तमिलनाडु में शराब की बोतल पर ज्यादा वसूली, 67 कर्मचारी सस्पेंड
तमिलनाडु में TASMAC की दुकानों पर शराब की बोतल पर निर्धारित कीमत से ज्यादा वसूली के मामले में 67 कर्मचारियों को निलंबित कर दिया गया है।
दिल्ली SIR में 5.34 लाख दावे-आपत्तियां
दिल्ली में SIR यानी मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण को लेकर दो दिनों में 5.34 लाख दावे और आपत्तियां दर्ज की गई हैं। फाइनल वोटर लिस्ट 4 नवंबर को जारी होने की जानकारी दी गई है।
पंजाब की वोटर लिस्ट से राघव चड्ढा का नाम कटा
SIR प्रक्रिया के बीच आम आदमी पार्टी के राज्यसभा सांसद राघव चड्ढा का नाम पंजाब की वोटर लिस्ट से हटाए जाने की खबर सामने आई है।
मथुरा के बाद फर्रुखाबाद में CM योगी का बाढ़ सर्वे
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने फर्रुखाबाद में बाढ़ प्रभावित इलाकों का हवाई सर्वेक्षण किया। उन्होंने अधिकारियों को प्रभावित लोगों तक राहत और जरूरी सुविधाएं पहुंचाने के निर्देश दिए।
केदारनाथ के लिए फिर शुरू होगी हेलीकॉप्टर सेवा
केदारनाथ धाम के लिए 15 सितंबर से हेलीकॉप्टर सेवा फिर शुरू होने की जानकारी सामने आई है। ऑनलाइन बुकिंग 7 सितंबर से शुरू होगी।
अमृतसर में अवैध हथियार नेटवर्क का भंडाफोड़
अमृतसर में पुलिस ने अवैध हथियार नेटवर्क का भंडाफोड़ करते हुए 8 पिस्तौल और 103 कारतूस बरामद किए हैं। मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है।
अकोला में बैंक लॉकर से एक करोड़ का सोना गायब
महाराष्ट्र के अकोला में बैंक लॉकर से करीब एक करोड़ रुपये का सोना गायब होने का मामला सामने आया है। पुलिस ने इस मामले में एक सफाई कर्मचारी को गिरफ्तार किया है।
असम में पुलिसकर्मी ने दो साथियों की हत्या की
असम के कामरूप में एक पुलिसकर्मी पर अपने ही दो साथी पुलिसकर्मियों को गोली मारकर हत्या करने का आरोप है। घटना के बाद पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया।
तेलंगाना की मंत्री को पद से हटाया गया
तेलंगाना में मंत्री कोंडा सुरेखा को कैबिनेट से हटाए जाने की खबर सामने आई है। यह कार्रवाई उनकी बेटी द्वारा मुख्यमंत्री रेवंत रेड्डी के खिलाफ दिए गए बयान को लेकर उठे विवाद के बीच हुई।
कर्नाटक में विधानसभा का विशेष सत्र
कर्नाटक कैबिनेट ने 21, 22 और 23 सितंबर को विधानसभा का विशेष सत्र बुलाने का फैसला किया है।
कांगो में इबोला का कहर
कांगो में इबोला वायरस का प्रकोप चिंता बढ़ा रहा है। अब तक 3000 से अधिक लोगों की मौत की खबर सामने आई है। स्वास्थ्य एजेंसियां संक्रमण को रोकने के लिए लगातार प्रयास कर रही हैं।
मिनियापोलिस में गोलीबारी
अमेरिका के मिनियापोलिस शहर में गोलीबारी की घटना में दो लोगों की मौत हो गई। हमलावर भी मारा गया है, जबकि घटना में कई लोगों के घायल होने की खबर सामने आई।








