सतबड़ी में DDA की जमीन पर 20 से ज्यादा इमारतों में अवैध निर्माण का आरोप, झुकी बिल्डिंग से हादसे का खतरा

SHARE:

दक्षिणी दिल्ली के मैदान गढ़ी थाना क्षेत्र में फार्म नंबर-22, सतबड़ी गौशाला रोड और गुमठ मंदिर रोड पर अवैध निर्माण का मामला सामने आया है। शिकायतकर्ता के अनुसार, करीब 5 एकड़ DDA की जमीन पर कब्जे के बाद कम से कम 20 इमारतों में अवैध निर्माण चल रहा है। आरोप है कि यहां कमर्शियल बेसमेंट से लेकर कई मंजिला बिल्डर फ्लैट तक बनाए जा रहे हैं।

DDA की जमीन थी, लेकिन कब्जा वापस लेने की कार्रवाई नही

शिकायत में कहा गया है कि जिस जमीन पर निर्माण हो रहा है, वह DDA की जमीन थी। आरोप है कि जमीन पर कब्जा होने के बावजूद DDA की ओर से अब तक कब्जा वापस लेने की प्रभावी कार्रवाई नहीं की गई है। ऐसे में सवाल उठ रहा है कि सरकारी जमीन पर कब्जे और निर्माण की जानकारी होने के बावजूद संबंधित विभाग कार्रवाई क्यों नहीं कर रहा?

20 कमर्शियल बेसमेंट और सात मंजिला फ्लैट का आरोप

शिकायतकर्ता का आरोप है कि मौके पर करीब 20 कमर्शियल बेसमेंट और सात मंजिला बिल्डर फ्लैट बनाए जा रहे हैं। निर्माण की ऊंचाई और बड़े स्तर पर हो रहे निर्माण को लेकर स्थानीय स्तर पर भी सवाल खड़े किए जा रहे हैं।

शिकायतकर्ता ने मुख्यमंत्री के आदेश का हवाला देते हुए कहा है कि निर्धारित नियमों के अनुसार चार मंजिल से ऊपर फ्लैट निर्माण नहीं होना चाहिए। ऐसे में सात मंजिला निर्माण के आरोपों की जांच की मांग की गई है।

झुकी हुई बिल्डिंग से कभी भी हादसे का खतरा

मामले में सबसे गंभीर चिंता इमारत की सुरक्षा को लेकर जताई गई है। शिकायतकर्ता का दावा है कि मौके पर बनी एक बिल्डिंग कुछ हद तक झुक गई है और उसकी स्थिति चिंताजनक है। आरोप है कि यदि समय रहते इसकी जांच और आवश्यक कार्रवाई नहीं हुई तो बिल्डिंग कभी भी गिर सकती है, जिससे बड़ा हादसा हो सकता है।

ऐसे में संबंधित विभाग द्वारा मौके का निरीक्षण कर इमारत की संरचनात्मक सुरक्षा की जांच करना बेहद जरूरी बताया जा रहा है।

MCD, पुलिस और राजस्व विभाग पर भी सवाल

शिकायत में मैदान गढ़ी थाना, दक्षिणी दिल्ली के MCD ग्रीन पार्क भवन विभाग और राजस्व विभाग के अधिकारियों की भूमिका पर भी सवाल उठाए गए हैं। शिकायतकर्ता ने संबंधित अधिकारियों पर कथित मिलीभगत और मोटी रिश्वत लेने के गंभीर आरोप लगाए हैं।

112 नंबर पर दर्ज हुई शिकायत, फायर ब्रिगेड भी पहुंची

मामले को लेकर पुलिस कंट्रोल रूम के 112 नंबर पर शिकायत दर्ज किए जाने की बात कही गई है। शिकायतकर्ता के मुताबिक, शिकायत के बाद फायर ब्रिगेड भी मौके पर पहुंची। अब सवाल यह है कि प्रशासन और संबंधित विभाग इस पूरे निर्माण की जांच कर आगे क्या कार्रवाई करते हैं।

वहीं जब किन्नी टाइम्स के रिपोर्टरों ने मौके पर पहुंचकर पूरे मामले का जायजा लिया और निर्माण स्थल की तस्वीरें भी लीं। जब पुलिस प्रशासन, MCD और DDA के अधिकारियों से कथित अवैध निर्माण तथा झुकी हुई बिल्डिंग को लेकर सवाल किया गया, तो संबंधित अधिकारी इस मामले पर कुछ भी स्पष्ट बोलने से बचते नजर आए। अधिकारियों की ओर से इस संबंध में कोई स्पष्ट जवाब नहीं दिया गया।

 

सरकारी जमीन पर कब्जे से लेकर अवैध निर्माण तक कई सवाल

पूरे मामले में एक तरफ DDA की जमीन पर कब्जे का आरोप है, वहीं दूसरी तरफ उसी जमीन पर 20 से ज्यादा इमारतों में निर्माण और सात मंजिला बिल्डर फ्लैट बनाए जाने की शिकायत सामने आई है। इसके अलावा झुकी हुई इमारत ने सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।

अब देखने वाली बात होगी कि DDA जमीन को वापस लेने के लिए कब कार्रवाई करता है, MCD निर्माण की वैधता की जांच करता है या नहीं और पुलिस व प्रशासन संभावित हादसे को रोकने के लिए क्या कदम उठाते हैं।

फिलहाल मामले में शिकायतकर्ता द्वारा लगाए गए आरोपों की आधिकारिक जांच और संबंधित विभागों के जवाब का इंतजार है

 

https://www.google.com/maps?q=28.4816117,77.1916067&z=17&hl=en

 

 

 

 

https://www.google.com/maps?q=28.4816117,77.1916067&z=17&hl=en

Kinni Times
Author: Kinni Times

सबसे ज्यादा पड़ गई